रतलाम जिले की जावरा पुलिस ने किसानों की सूचना चाइना लहसुन से भरे दो ट्रक पकड़े हैं। उक्त चाइना लहसुन कैरेट में पैक की हुई थी, जिन पर अफगानिस्तान के व्यापारी के पोस्टर लगे थे।
रतलाम जिले की जावरा औद्योगिक थाना पुलिस ने मंगलवार रात किसानों की सूचना पर जोयो होटल के सामने से चाइना लहसुन से भरे पंजाब पासिंग दो ट्रक जब्त किए हैं। पुलिस ने बताया कि किसानों को सूचना मिली थी कि नीमच की तरफ से मंदसौर होते हुए चाइना लहसुन से भरे दो ट्रक जावरा की तरफ आ रहे हैं। किसानों ने एक-दूसरे को इस बारे में सूचना की। मंदसौर नीमच से कुछ किसान ट्रक के पीछे भी लगे। पीछा कर रहे किसानों ने इसकी सूचना जावरा औद्योगिक थाना पुलिस को दी। सूचना पर किसानों के साथ ट्रक क्रमांक PB 02 DT 8928 और ट्रक क्रमांक PB 05 AN 1521 को जावरा-उज्जैन बायपास मार्ग पर रोका और दोनों ट्रक को थाने पर लाया गया। बताया जा रहा है दोनों ट्रकों ने नयागांव टोल से क्रॉस कर एमपी की सीमा में प्रवेश किया था।
सूचना पर जिला पंचायत सदस्य डीपी धाकड़ समेत अन्य किसान जावरा थाने पहुंचे। किसानों ने अनुसार ट्रकों में चाइना की ही लहसुन है। जिसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है। किसानों के अनुसार चाइना लहसुन भारत में प्रतिबंधित है। इसके बावजूद नेपाल के रास्ते भारत में चायना की लहसुन आ रही है।
इधर पुलिस ट्रक चालकों से पूछताछ कर रही है कि वह लहसुन कहां से लेकर आए और कहां लेकर जा रहे है। पुलिस की कार्रवाई देर रात तक चलती रही।
जब किसानों ने ट्रक का त्रिपाल खुलवाकर चैक किया। तब लहसुन कैरेट में पूरी तरह से पैक थी। सभी कैरेट पर मोहम्मद आसिफ अफगान फ्रूट एंड वेजिटेबल प्रोसेसिंग कंपनी मार्केट काबुल अफगानिस्तान का टैग लगा हुआ था। इसके साथ ही एक तरफ अफगान फ्रेश गारलिक भी लिखा था।
पुलिस ने जावरा कृषि उपजमंडी के अधिकारियों को भी बुलाया। जावरा कृषि उपज मंडी सचिव रामवीर किरार, मंडी इंस्पेक्टर पुरुषोत्तम भावसार भी पहुंचे। मंडी अधिकारियों के अनुसार प्रथमदृष्टया लहसुन चाइना की होना बताया। औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी मुनेंद्र गौतम ने बताया लहसुन से भरे ट्रक को पकड़कर थाने पर खड़ा कराया है। मामला कृषि उपज मंडी से संबंधित हैं। मंडी के अधिकारियों को इस बारे में जानकारी दी है। उनकी रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।