रतलाम में सोमवार सुबह स्कूली बच्चों से भरे ऑटो रिक्शा और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। उसके बाद ऑटो रिक्शा तीन पलटी खा गया। हादसे में एक छात्र की मौत हो गई। वहीं, सात छात्र घायल हो गए।
रतलाम के बाजना थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह देवड़ाहामा टर्न पर स्कूली बच्चों से भरे ऑटो रिक्शा व बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। उसके बाद ऑटो रिक्शा तीन पलटी खा गया। हादसे में ऑटो में सवार छात्र अर्पित पिता प्रकाश उम्र 10 वर्ष निवासी लुक्कीपाड़ा की मौत हो गई। वहीं, लीला पिता शांतिलाल उम्र 17 वर्ष निवासी बाजना, मोहित पिता राकेश उम्र आठ वर्ष, तनवी पिता हरीश उम्र आठ वर्ष, रिया पिता सुंदरलाल उम्र आठ वर्ष, मीनाक्षी पिता विनोद उम्र 11 वर्ष, वीर पिता कालू उम्र 12 वर्ष सभी निवासी केलकच्छ घायल हो गए। हादसा होने के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों की सूचना पर बाजना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी घायल बच्चों को पहले बाजना अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायल बच्चों को रतलाम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। जहां घायल बच्चों का इलाज जारी है।
मृतक छात्र अर्पित के चाचा मनीष डामर ने बताया कि ऑटो चालक प्रतिदिन की तरह गांव से बच्चों को लेकर बाजना के निजी स्कूल जा रहा था। इसी दौरान बाइक चालक ने सामने से ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो तीन पलटी खा गया। ऑटो में आठ से 10 बच्चे सवार थे। मनीष ने बताया कि बाइक सवार लोगों ने शराब पी रखी थी।
मामले में बाजना थाना प्रभारी प्रेमलता खत्री ने बताया कि बाइक पर तीन लोग सवार थे। बाइक चालक ने सामने से आकर ऑटो को टक्कर मारी। ऑटो में 10 से 12 बच्चे सवार थे। एक की मौत हुई है, सात बच्चे घायल हुए है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी को रतलाम रेफर किया है। जिला पंचायत सदस्य शरद डोडियार ने बताया, घटना उनके वार्ड क्षेत्र की है। हादसे से पहले सड़क से एक बारात जा रही थी। डीजे बज रहा था, बारात में बाइक पर नशे में सवार होकर युवक नाच रहे थे। इस दौरान ऑटो आगे निकला तो बाइक सवार एकदम सामने आ गए। उनसे बचने के चक्कर में ऑटो बाइक से टकराकर कर सड़क पर ही पलटी खा गया।