रतलाम में होली की धुलेंडी और रमजान माह का जुम्मा एक ही दिन पड़ने से प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी समुदायों से अपने त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की गई।
शहर काजी की अपील
रतलाम शहर काजी सय्यद अहमद अली ने मुस्लिम समाज के नाम एक अपील जारी की है। उन्होंने लिखा है कि रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और 14 मार्च को जुम्मा और होली एक साथ मनाई जाएगी। उन्होंने मुस्लिम समाज से आग्रह किया कि यदि कोई गलती से रंग डाल दे तो बिना किसी विवाद के मुस्कुराकर आगे बढ़ जाएं। साथ ही, नमाज अदा करने के बाद बिना रुके सीधे अपने घरों की ओर जाने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें-
होली और जुमा एक दिन, सुरक्षा सख्त, खुशी से मनाओ त्योहार, हुड़दंग किया तो पुलिस करेगी कार्रवाई
सोशल मीडिया पर वायरल लेटर को लेकर विवाद
इसी बीच, शहर काजी के नाम से एक दूसरा पत्र सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कथित रूप से होली के रंगों की तुलना कचरे से की गई है। इसमें कहा गया है कि अगर कोई जानबूझकर रंग डाल दे, तो धैर्य बनाए रखें और इसे पैगंबर मोहम्मद की सहनशीलता से जोड़ते हुए आगे बढ़ जाएं।
इस वायरल पत्र को लेकर विवाद शुरू हो गया है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि होली केवल किसी एक धर्म या समाज का नहीं, बल्कि पूरे देश की परंपरा का हिस्सा है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह के बयान या पत्र समाज की शांति और सौहार्द को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
शहर काजी का स्पष्टीकरण
शहर काजी सय्यद अहमद अली ने इस मामले में सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने केवल एक ही पत्र जारी किया है, जिसमें हिंदू-मुस्लिम भाईचारे को बनाए रखने की अपील की गई है। वायरल हो रहा दूसरा पत्र उन्होंने नहीं लिखा और यह किसी ने जानबूझकर छेड़छाड़ कर फैलाया है। उन्होंने दोनों समुदायों से शांति और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की है।
ये भी पढ़ें-
होली पर इंदौर और महू में हाई अलर्ट, ड्रोन से होगी निगरानी, 2000 पुलिसकर्मी तैनात
प्रशासन का रुख
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जाएगी। पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों पर कड़ी नजर रखी है और किसी भी प्रकार की भ्रामक जानकारी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। शहरवासियों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अपने त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं।
इस पत्र से मच रहा बवाल
शहर काजी का दावा कि ये पत्र किया गया जारी