चोरी की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची
- फोटो : अमर उजाला
रतलाम शहर के माणक चौक थाना के धानमंडी क्षेत्र में स्थित पवन किराना दुकान पर मंगलवार रात अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर यहां से दुकान में रखे पांच लाख रुपये नकद चुरा ले गए। चोर यहां से चोरी करने के बाद दुकान में लगा सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर भी चुरा ले गए। सूचना पर माणक चौक थाना पुलिस वारदात स्थल पर पहुंची और मौका मुआयना किया।
रतलाम के माणक चौक थाना पुलिस से मिली जानकारी अनुसार थाना क्षेत्र के धानमंडी क्षेत्र स्थित पवन किराना पर बीती रात अज्ञात बदमाशों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोर शटर के ताले तोड़कर दुकान में घुसे और दुकान के काउंटर के गल्ले में रखे करीब पांच लाख 50 हजार रुपये चुरा ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। पुलिस टीम ने मौका मुआयना किया है। पुलिस टीम क्षेत्र के लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कर रही है।
सीसीटीवी और डीवीआर भी चुरा ले गए चोर
माणक चौक थाना पुलिस ने बताया कि धान मंडी में किराना व्यापारी की दुकान में सीसीटीवी कैमरे भी लगे थे। लेकिन चोर पुलिस से बचने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की केबल काटकर डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि अज्ञात आरोपियों की पहचान न हो सके।
दुकान संचालक गया था बाहर, छोटा भाई संभाल रहा था दुकान
दुकान संचालक के भाई विशाल चोथियानी ने बताया कि उनका बड़ा भाई दुकान संभालता है। वह बाहर गया है, इसलिए पिछले 10 दिनों से वह दुकान संभाल रहे हैं। बुधवार सुबह जब वह दुकान खोलने आए तो दुकान की शटर के ताले गायब मिले। नकुचे भी खुले हुए थे। चोरी की जानकारी मिलने पर वह सीधे माणक चौक थाने पहुंचे और सूचना दी। जानकारी मिलने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। विशाल ने बताया कि दुकान में व्यापारी को देने के लिए पांच लाख से अधिक रुपये पड़े हुए थे, वह भी आरोपी चुरा ले गए।