रतलाम जिले के रिंगनोद थाना क्षेत्र ग्राम पिपलिया जोधा में मंगलवार व बुधवार की दरमियानी रात डोल ग्यारस त्योहार के तहत आयोजित भजन संध्या स्थल पर स्टेज पर चढ़ने की बात को लेकर एक युवक व आयोजन समिति के बीच विवाद हो गया। पुलिसकर्मी द्वारा युवक को समझाइश देने के बाद भी वह नहीं माना और परिजन व अन्य लोगों को बुलाकर ले आया। इसके बाद युवक, उसके परिजन व अन्य लोगों ने पुलिस दल पर हमला कर दिया। इससे रिंगनोद थाना प्रभारी सहित चार पुलिसकमियों को चोट आई है। पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमला व शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार रिंगनोद थाना क्षेत्र की माननखेड़ा पुलिस चौकी में पदस्थ आरक्षक घनश्याम कुमावत व संतोष की डोल ग्यारस पर 22 सितंबर 2026 की रात ग्राम पिपलिया जोधा में ड्यूटी थी। गांव के सरकारी माध्यमिक विद्यालय की बाउंड्रीवॉल के पास भजन संध्या आयोजित की गई थी। रात करीब 11 बजे भजन संध्या कार्यक्रम चल रहा था, तभी आरोपी सुनील पिता रामसुख निवासी ग्राम पिपलिया जोधा स्टेज पर चढ़ा तो आयोजन समिति के सदस्यों ने उसे स्टेज से नीचे जाने के लिए कहा। इससे वह नाराज हो गया और हंगामा करने लगा।
ये भी पढ़ें-
शहडोल पुलिस का गजब प्लान: पड़ोसी बनकर दो दिन तक किराए के मकान में रहे पुलिसवाले, फिर इनामी आरोपियों को दबोचा
आरक्षक घनश्याम कुमावत व संतोष मौके पर पहुंचकर सुनील को समझाने लगे तो वह नहीं माना और कहने लगा कि रुको तुम्हे बताता हूं। यह कहकर आरोपी सुनील घर चला गया। उसके जाने पर घटना की जानकारी आरक्षक घनश्याम कुमावत ने रिंगनोद थाना प्रभारी आनंदसिंह आजाद को दी। कुछ देर में थाना प्रभारी आनंदसिंह आजाद, माननखेड़ा चौकी प्रभारी राजेश मालवीय दल लेकर ग्राम पिपलिया जोधा पहुंचे और कार्यक्रम स्थल से कुछ दूर विद्यालय की बाउंड्रीवाल के पास खड़े थे। तभी आरोपी सुनील, उसके भाई दिलीप, जितेंद्र, पिता रामसुख व मां धाबूपाई और कैलाश पिता भगवतीलाल तथा अर्जुन पिता रामप्रसाद गाली-गलोच करते हुए हाथों में पत्थर लेकर पहुंचे और पुलिस दल पर हमला कर दिया। पथराव करने पर एक पत्थर आरक्षक नरेंद्र सिंह हाड़ा के सिर पर लगा और खून निकलने लगा।
थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद के सिर व पीछे कमर की तरफ तथा आरक्षक अनिल डांगी को पीट पर चोट आई। आरोपी कैलाश व अर्जुन ने आरक्षक घनश्याम कुमावत के साथ लकड़ी से मारपीट की, जिससे घनश्याम कुमावत को दाहिने हाथ की कलाई व बाएं हाथ के पंजे पर चोट आई। वहीं प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह को पत्थर लगने से बायें पैर में चोट लगी। साथ ही झूमाझटकी करने से सुधीर सिंह के चेहरे पर नाखूनों की खरोंच की चोट आई।
ग्रामीणों ने किया बीच-बचाव, छह आरोपी गिरफ्तार
मौके पर सरपंच प्रतिनिधि कालूराम कुमावत, भारत दास बैरागी, धर्मेंद्र पाटीदार, जुझारलाल पाटीदार आदि ग्रामीणों ने पहुंचकर बीचबचाव किया। इसके बाद घायल थाना प्रभारी व पुलिसकर्मियों ने जावरा के सरकारी अस्पताल पहुंचकर मेडिकल कराया। थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद ने बताया कि अरोपी सुनील, दिलीप, जितेंद्र, रामसुख, धापूबाई, कैलाश व अर्जुन के खिलाफ बीएनएस की धारा 109, 132, 191 (2), 296-ए के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी धापूबाई को छोड़कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।