रतलाम के स्टेशन थाना क्षेत्र स्थित हकिमवाड़ा क्षेत्र में गत रात्रि ज्वेलरी शॉप पर पर अज्ञात बदमाशों ने धावा बोला और शटर का ताला तोड़कर करीब चार लाख रुपये की ज्वेलरी सहित नकदी चुरा ले गए। बदमाश सबूत मिटाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी अपने साथ ले गए। पुलिस ने दुकान संचालक की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी अनुसार, रतलाम के स्टेशन थाना क्षेत्र स्थित हकिमवाड़ा स्थित जीएस ज्वेलर्स शॉप पर बीती रात अज्ञात बदमाशों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान का शटर उचकाकर दुकान में घुसे और दुकान में रखी करीब चार लाख रुपये की सोने चांदी की रकम सहित दुकान के गल्ले में रखे 25 हजार रुपये नकद भी चुरा ले गए। बदमाश सबूत मिटाने के लिए दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे और डीवीआर भी निकालकर अपने साथ ले गए। ताकि पुलिस के हाथ कोई सबूत नहीं लग पाए।
ऊंकाला रोड निवासी ज्वेलरी शॉप संचालक शैलेंद्र शर्मा को घटना की जानकारी तब मिली, जब शनिवार सुबह दुकान के सामने रहने वाले एहसान भाई ने देखा कि ज्वेलरी शॉप के ताले टूटे हुए हैं। इस पर एहसान भाई ने तुरंत शैलेंद्र शर्मा को इसकी सूचना दी। शैलेंद्र सोनी दुकान पर पहुंचे तो देखा की सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। इस पर दुकान संचालक ने पुलिस को सूचना दी। सूचना पर स्टेशन रोड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। बाद में शैलेंद्र सोनी ने थाने पर पहुंचकर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।