रतलाम के पिपलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम हतनारा में गुरुवार रात उस समय बड़ा हादसा हो गया, जब मोहर्रम के तहत निकाले जा रहे ताजिए में करंट फैल गया। करंट फैलने से तीन लोगों की मौत हो गई और 15 लोग झुलस गए। घायलों व झुलसे हुए लोगों को रतलाम मेडिकल कॉलेज और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बीती रात करीब साढ़े दस बजे ग्राम हतनारा में ताजियों का चल समारोह निकाला जा रहा था। कुछ लोग ताजिया उठाकर चल रहे थे। वहीं, अनेक लोग ताजिए के आसपास चल रहे थे। अचानक ताजिया एक स्थान पर 15 फीट से अधिक ऊंचाई पर लगी हाईटेंशन बिजली लाइन के तार से टच हो गया। हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आते ही ताजिए में करंट फैल गया और करंट की चपेट में आने से करीब 15 लोग झुलसकर नीचे गिर गए।
करंट लगने से कुछ लोग झुलस गए, तो कुछ लोग एक-दूसरे पर गिरने से घायल हो गए। लोगों ने घायलों को उठाया और निजी वाहनों से रतलाम जिला अस्पताल व मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। मेडिकल कॉलेज में 32 वर्षीय राशिद खान पिता वाहिद खान निवासी ग्राम हतनारा और जिला अस्पताल में 40 वर्षीय सड्डू पिता मोहम्मद हुसैन निवासी ग्राम हतनारा को मृत घोषित किया गया। वहीं, तीसरे मृतक का नाम 25 वर्षीय अबरार है।
हादसे का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग नीचे गिरे हुए और अन्य लोग उन्हें उठाते हुए नजर आ रहे हैं। हादसे की सूचना मिलने पर एएसपी (शहर) राकेश पंद्रो व सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया मेडिकल कॉलेज पहुंचे तथा पीड़ितों से घटना की जानकारी ली। वहीं, कांग्रेस नेता व जिला पंचायत सदस्य डीपी धाकड़ भी पहले जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज पहुंचे तथा प्रभावित लोगों के इलाज में मदद की।
ताजिया लेकर आगे बढ़े और करंट फैल गया
प्रत्यक्षदर्शी सुल्तान खान ने बताया कि उसके मामा अख्तियार खान ग्राम हतनारा में रहते हैं। वह ताजिए देखने ग्राम हतनारा आया था। वह ताजियों के चल समारोह के साथ चल रहा था। मेवाती मोहल्ले में कुछ लोग ताजिया उठाकर थोड़ा आगे बढ़े, तभी हाईटेंशन लाइन से ताजिए में करंट फैल गया। एएसपी राकेश पंद्रो ने बताया कि तीन लोगों की मौत हादसे में हुई है।छह-सात लोगों का अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। हादसे के बाद अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि तीन लोगों की स्थिति खतरे से बाहर है।
लापरवाही बरतने पर बिजली कंपनी का कर्मचारी निलंबित
उधर, बिजली कम्पनी के लाइनमैन को निलंबित कर दिया गया है। बिजली कम्पनी के कार्यपालन अभियंता द्वारा जारी आदेश के अनुसार लाइनमैन घनश्याम गिर को शिकायत निवारण केंद्र हतनारा में मोहर्रम जुलूस के दौरान उपस्थित रहना था। उनको कार्य में लापरवाही बरतने पर निलंबित किया गया है। निलंबन के दौरान इनका मुख्यालय जावरा नियत किया गया है। वहीं लाइनमैन समरथ मकवाना और श्रमिक गोबीलाल को कार्य में लापरवाही के लिए कार्य से पृथक करने का आदेश जारी किया गया है।