राजगढ़ जिले के कालीपीठ थाना क्षेत्र के कोयला गांव में शनिवार को एक युवक और युवती ने खेत में लगे पेड़ से साड़ी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। जानकारी लगते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जानकारी के अनुसार हिनोत्या गांव के रहने वाले 22 वर्षीय गिरिराज तंवर और कोयला गांव की 20 वर्षीय लीला बाई का शव कोयला गांव में स्थित एक खेत में पेड़ से लटका मिला। ग्रामीणों की सूचना पर कालीपीठ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शवों को परिजनों को सौंप दिया गया।
कालीपीठ थाना प्रभारी रजनीश सिरोठिया ने बताया कि यह मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग के चलते आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह आत्महत्या है या हत्या।
इस घटना को लेकर गांव में कई चर्चाएं हो रही हैं, क्योंकि यह मामला क्षेत्र में अपनी तरह का पहला है, जहां एक ही फांसी के फंदे से युवक और युवती ने आत्महत्या की हो। पुलिस कई एंगल से मामले की जांच कर रही है ताकि, सच का पता लगाया जा सके।