राजगढ़ जिला मुख्यालय में शहर के मध्य में स्थित पुरानी दूध डेरी के पास शनिवार को एक नर कंकाल मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लिया और थाने में दर्ज गुमशुदा लोगों की जांच पड़ताल की। ऐसे में पता चला कि कंकाल 30 वर्षीय गुमशुदा युवक का है, जो कि पिछले अगस्त महीने से गायब था, जिसके कंकाल को जांच के लिए भोपाल भेजकर उसकी मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।
कोतवाली थाने के एसआई अनिल राहोरिया ने मामले की सम्पूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि पुरानी दूध डेरी के पास एक कंकाल पड़ा हुआ है। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने कंकाल को अपने कब्जे में लेकर गुमशुदा लोगो के रिकॉर्ड खंगाले तो कंकाल इंग्ले कॉलोनी निवासी लगभग 30 वर्षीय युवक सोनू गुर्जर पिता गुलाब गुर्जर का होना पाया गया, जिसकी पहचान मृतक की मां ने उसके कपड़े से की है।
मृतक अगस्त महीने से गायब था, जिसके संबंध में गुमशुदगी का प्रकरण भी कोतवाली थाने में दर्ज था। कंकाल को जांच के लिए भोपाल भेजकर उसकी मौत के कारणों का पता लगाया जाएगा।