मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सड़कों पर घूमने वाले आवारा कुत्ते लगातार छोटे बच्चों को अपना शिकार बना रहे हैं। ऐसा ही एक मामला हाल ही में राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र में भी सामने आया। यहां एक आवारा कुत्ते ने 9 साल की बालिका पर हमला कर दिया। घायल बच्ची को एक दर्जन से भी अधिक टांकें आए हैं। उक्त घटना से गुस्साए लोगों ने आवारा कुत्ते को लाठी डंडे से पीट पीटकर मार डाला। दोनों ही घटनाक्रम CCTV में भी कैद हो गई है, लेकिन पुलिस दोनों ही मामले से अंजान है।
जानकारी के मुताबिक घटना मंगलवार को माचलपुर थाना क्षेत्र की है। यहां अपने मामा ज्ञान सिंह के यहां निवास करने वाली एक 9 वर्षीय बालिका घर के सामने स्थित किराने की दुकान से सामान लेकर घर लौट रही थी। उसी दौरान एक आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने बच्ची को 12 जगह काटकर बुरी तहर से घायल कर दिया। आसपास मौजूद लोगों ने बच्ची को बचाया और अस्पताल लेकर गए। उक्त हमले से बालिका के कान और चेहरे पर गहरे घाव हुए हैं। बच्ची को एक दर्जन से अधिक टाकें लगाए गए हैं।
उक्त घटनाक्रम से गुस्साए लोगों ने आवारा कुत्ते को रात में ही ढूंढ निकाला और लाठी और डंडों से पीट पीटकर उसकी हत्या कर दी। ये घटना मौके पर लगे हुए CCTV कैमरे में कैद हुए है। वहीं, उक्त दोनों घटनाक्रम को लेकर माचलपुर थाना प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह दोनों ही मामले मेरे संज्ञान में नहीं हैं और न ही अभी तक मेरे पास शिकायत आई है।
गौरतलब है की माचलपुर थाना क्षेत्र में बालिका को कुत्ते के काटने और कुत्ते को ढूंढकर पीट पीटकर मारने के दोनों CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहे हैं, लेकिन स्थानीय थाने की बागडोर संभालने वाले थाना प्रभारी अपने ही क्षेत्र में हुई दोनों ही घटनाओं से अंजान हैं।