मध्यप्रदेश के राजगढ़ में धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। एक हिंदू ने दूसरे हिंदू का ब्रेन वॉश कर धर्म बदलवा दिया और अब धर्म बदल चुका युवक अपनी पत्नी और बच्चों पर धर्म बदलने का दवाब बना रहा था। पुलिस ने पत्नी की शिकायत पर पति और उसका धर्म बदलने वाले व्यक्ति पर प्रकरण दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार मामला राजगढ़ जिले के जीरापुर का है। सोमवार को पुलिस के पास पहुंची 36 वर्षीय पीड़िता आशा पति दिलीप खीची ने बताया कि सन 2004 में उसकी शादी हिंदू रीति रिवाज के अनुसार दिलीप खीची (36) से हुई थी। लगभग आठ साल पहले 2015 में हेमराज टेलर नामक व्यक्ति के कहने पर दिलीप ने मुस्लिम धर्म अपना लिया था। डेढ साल से मेरे पति हेमराज टेलर के कहने पर धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए दबाव डाल रहे हैं। हेमराज टेलर अक्सर हमारे घर आता जाता रहता है। परेशान होकर पत्नी ने इसकी शिकायत जीरापुर थाने में दर्ज कराई है। उसने जबरन धर्म परिवर्तन कराने से संबंधी आवेदन पेश किया है।
मारपीट की, घर से निकाला
आशा ने बताया कि एक बार हेमराज टेलर ने भी मुझसे धर्म परिवर्तन कर मुस्लिम बनने के लिए कहा था। मेरे पति मुझसे कहते हैं कि तू भी नमाज पढ़, रोजे रख। मैने मुस्लिम धर्म नहीं अपनाया तो मेरे साथ मारपीट करते हैं। मैं हिन्दू देवी देवताओं की पूजा करती थी तो उसने घर में से सभी तस्वीर व मूर्ति हटा दी व मुझे घर में से बाहर निकाल दिया। मेरे बेटे प्रिंस को भी मुस्लिम धर्म अपनाने के लिए दबाव डालते हैं। मुस्लिम धर्म नहीं अपनाने पर दोनों को धमकी देते हैं कि तुम्हें जान से खत्म कर दूंगा। बुधवार के दिन भी मेरे साथ इसी बात को लेकर मारपीट की जब मैंने थाने जाने की कही तो मुझे जान से मारने की धमकी दी और मुझे घर से बाहर नहीं निकलने दिया। आज जैसे-तैसे घटना की जानकारी मेरे भाई मनीष व बुआ के लड़के राहुल को दी थी। उनके साथ ही मैं थाने तक पहुंची हूं।
आरोपी पति को किया गिरफ्तार
एडिशनल एसपी आलोक शर्मा ने कहा कि महिला की शिकायत पर 16 दिसंबर को आरोपी पति दिलीप खीची व हेमराज टेलर के विरुद्ध मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम 3/5 सहित धारा 506 वा 34 IPC के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है। दिलीप खींची को गिरफ्तार कर लिया गया है और आरोपी हेमराज टेलर की गिरफ्तारी शेष है। वहीं ब्रेन वॉश करने वाला व्यक्ति किस धर्म का अनुसरण करता है, इसकी पुलिस जांच कर रही है।