राजगढ़ जिले की खिलचीपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी प्रियव्रत सिंह के समर्थन में माचलपुर नगर में मंगलवार को चुनावी सभा को संबोधित करने पहुंचे राजस्थान सरकार के पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। साथ ही मौजूदा जनसमूह से कांग्रेस प्रत्याशी प्रियव्रत सिंह के समर्थन में मतदान करने की अपील की।
सचिन पायलट ने केंद्र व प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि लम्बे समय से एक ही पार्टी का शासन है, अब समय आ गया है, रोटी पलटने का नहीं तो रोटी जल जाएगी।साथ ही मंहगाई, बेरोजगारी, नौजवान और किसान आदि के लिए हमने बहुत समय दिया। साढ़े नौ साल दिए, लेकिन बीजेपी के पास इन सबकी बात करो तो सिर्फ एक ही जुमला है, धर्म, मंदिर-मस्जिद और हिन्दू-मुसलमान आदि। ये लोग अफवाह फैलाने में नम्बर वन हैं। लेकिन इनको सत्ता दे दो तो इनके पास लचीले भाषण और जुमले हैं। आजाद भारत के इतिहास में जितनी बेरोजगारी आज है, इतनी कभी नहीं हुई।
वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी प्रियव्रत सिंह ने भी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैंने 36 कौमों को साथ लेकर समानता से बगैर किसी दुर्भावना के काम किया है। मैंने हमेशा बड़े बुजुर्गों का छोटा भाई बनकर, नौजवानों के साथ उनका साथी बनकर, माताओं का बेटा बनकर और बहनों का भाई बनकर, क्षेत्र में काम किया। कभी किसी के साथ भेदभाव नहीं किया। कभी किसी से गलत बात या व्यवहार नहीं किया। आपने मुझे हमेशा ही आशीर्वाद दिया है, मैं विश्वास दिलाता हूं कि माचलपुर में अधूरे छूटे कामों को भी जल्द ही पूरा करूंगा। इसी आशा के साथ एक बार फिर दोबारा आपसे अपेक्षा करता हूं।