फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Rajgarh News: कुएं में मिली मां की लाश, बेटी का फूटा दर्द, पिता और दादी पर हत्या का सनसनीखेज आरोप

Sun, 15 Mar 2026 03:39 PM IST
राजगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, राजगढ़

सार

मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर क्षेत्र के दोलाज गांव में रविवार सुबह एक 45 वर्षीय महिला ललिता बाई का शव गांव के पास स्थित कुएं में मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने सबसे पहले कुएं के पास साड़ी और जूते पड़े देखे, जिसके बाद शक होने पर कुएं में झांककर देखा तो महिला का शव नजर आया।
विज्ञापन
जांच करती पुलिस - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर क्षेत्र के दोलाज गांव में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक महिला का शव गांव के पास स्थित कुएं में मिला। मृतका की पहचान 45 वर्षीय ललिता बाई के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कुएं से बाहर निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

कुएं में दिखा महिला का शव, ग्रामीणों में मचा हड़कंप
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह गांव के कुछ लोग खेतों की ओर जा रहे थे। इसी दौरान वे गांव के पास बने एक कुएं के पास पहुंचे। वहां उन्हें एक साड़ी और जूते पड़े हुए दिखाई दिए। यह देखकर ग्रामीणों को शक हुआ। जब उन्होंने कुएं के अंदर झांककर देखा तो एक महिला का शव नजर आया। यह देखते ही वहां हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी और किसी तरह शव को कुएं से बाहर निकाला। इसके साथ ही घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें- MP: एक तरफा प्यार की सनक में रच डाली अपहरण की साजिश, पुलिस को लगी भनक तो तीन आरोपियों को यहां से दबोचा
विज्ञापन

 

पुलिस पहुंची मौके पर, शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान महिला के मायके पक्ष के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए खिलचीपुर अस्पताल भिजवा दिया।

मॉर्चुरी के बाहर भावुक दृश्य, बेटी फूट-फूट कर रोई
अस्पताल की मॉर्चुरी के बाहर उस समय बेहद भावुक माहौल देखने को मिला, जब मृतका की बेटी गायत्री ने अपनी मां का शव देखा। मां का शव देखते ही वह फूट-फूटकर रोने लगी और मां के शव से लिपटकर विलाप करने लगी।

रोते हुए उसने अपने पिता, दादा और दादी पर अपनी मां की हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया।

25 साल पहले हुई थी शादी, बेटे की शादी की तैयारी में लगी थी महिला
परिवार से मिली जानकारी के अनुसार ललिता बाई की शादी करीब 25 साल पहले दोलाज गांव के निवासी रोड़ी लाल दांगी से हुई थी। शादी के कुछ साल बाद उनके एक बेटा और एक बेटी हुए। बेटी की शादी हो चुकी है, जबकि 22 साल के बेटे की शादी अगले महीने होने वाली थी।

बताया जा रहा है कि ललिता बाई इन दिनों बेटे की शादी की तैयारियों में जुटी हुई थीं। करीब एक महीने पहले वह अपने मायके तखतपुरा में रह रही थीं।

ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना के आरोप
मायके पक्ष के लोगों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ललिता बाई को ससुराल पक्ष द्वारा परेशान किया जाता था। मृतका की भाभी के अनुसार पति और सास-ससुर के साथ उसका अक्सर विवाद होता रहता था और कई बार मारपीट की घटनाएं भी सामने आई थीं।

बताया गया कि इस मामले को लेकर पहले भी पुलिस में शिकायत की गई थी। कई बार विवाद के बाद ललिता बाई मायके आकर रहने लगी थीं, लेकिन बच्चों की चिंता के कारण बाद में समझौता कर फिर ससुराल लौट जाती थीं।

बेटी ने पिता को सजा दिलाने की उठाई मांग
मृतका की बेटी गायत्री ने रोते हुए कहा कि उसके पिता को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। उसने आरोप लगाया कि उसके पिता ने ही उसकी मां की हत्या की है। साथ ही उसने अपनी दादी पर भी पूरे परिवार को बर्बाद करने का आरोप लगाया।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
खिलचीपुर थाना प्रभारी टीआई उमाशंकर मुकाती ने बताया कि महिला का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने और जांच पूरी होने के बाद ही मौत के असली कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

 

विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें