शादी के घर में पसरा सन्नाटा, नदी में डूबने से दो बच्चियों की मौत
- फोटो : credit
खुशियों से सजा घर और आंगन में गूंजती शहनाई। सोमवार को लगुन की रस्म होनी थी, लेकिन उससे पहले बेतवा नदी ने उस घर की सारी रौनक छीन ली। जिले के रंगपुरा केसरी गांव में रविवार दोपहर नदी में डूबने से दो मासूम बहनों की मौत हो गई। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है।
मृतकों की पहचान मनीषा (10) पिता राकेश यादव और गीता (11) के रूप में हुई है। गीता अपने मामा धर्मेंद्र यादव के घर मौसी की शादी में शामिल होने आई थी। घर में शादी की तैयारियां जोरों पर थीं। रविवार दोपहर परिजन खेत पर काम करने गए थे। खेत के पास से ही बेतवा नदी बहती है। बच्चे भी साथ थे। खेलते-खेलते पहले एक बच्चा पानी में फिसल गया। उसे डूबता देख मनीषा और गीता उसे बचाने नदी में उतर गईं। लेकिन तेज बहाव में तीनों बहने लगे।
ये भी पढ़ें-
एमपी के सीहोर में दर्दनाक हादसा: ट्रक और बुलेरो की बीच हुई भीषण टक्कर, पांच की मौत; मौके पर मची चीख-पुकार
चीख-पुकार सुनकर खेत में काम कर रहे परिजन और ग्रामीण दौड़े। उन्होंने किसी तरह एक बच्चे को बाहर निकाल लिया। लेकिन तब तक मनीषा और गीता गहरे पानी में समा चुकी थीं। ग्रामीणों ने दोनों बच्चियों को पानी से बाहर निकाला और आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल में बच्चियों का शव देखकर परिजन बेसुध हो गए। मां-बाप का रो-रोकर बुरा हाल था। गीता के मामा का घर, जहां कुछ देर पहले तक शादी के गीत गूंज रहे थे, वहां अब सिर्फ सिसकियां सुनाई दे रही थीं। रंगपुरा केसरी गांव में गीता के मामा धर्मेंद्र यादव की बेटी की शादी तय थी। सोमवार को लगुन की रस्म होनी थी। घर में मेहमान आए हुए थे, बाजार से सामान आया था।
गांव के लोग बताते हैं कि बेतवा का पानी इस समय तेज है। बच्चे अक्सर खेत के पास नदी किनारे चले जाते हैं। परिजनों ने भी नहीं सोचा था कि खेल-खेल में ऐसी अनहोनी हो जाएगी। सूचना मिलते ही सेंडोरा पुलिस चौकी प्रभारी शैलेंद्र दाहिमा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया, प्रारंभिक जांच में मामला डूबने का है। परिजनों के बयान के अनुसार पहले एक बच्चा डूबा, उसे बचाने के चक्कर में दोनों बच्चियां भी चली गईं। एक बच्चे को तो बचा लिया गया। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।