जनता के साथ वाली कुर्सियों पर बैठे रहे सांसद
- फोटो : अमर उजाला
जिले में बरेली के अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय के लोकार्पण समारोह में तय प्रोटोकॉल का पालन न होने पर भारतीय जनता पार्टी के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कड़ी नाराजगी जताई है। इस सरकारी कार्यक्रम में मंच पर स्थान न मिलने के कारण सांसद करीब एक घंटे तक आम कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों के बीच साधारण कुर्सी पर बैठे रहे। कार्यक्रम के आधिकारिक बैनर पर भी उनका नाम और तस्वीर नहीं थी।
समारोह के दौरान क्षेत्रीय विधायक एवं स्वास्थ्य राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ फीता काटकर नए एसडीएम कार्यालय का औपचारिक लोकार्पण किया। लोकार्पण के तुरंत बाद राज्य मंत्री अधिकारियों के साथ वहां से रवाना हो गए। इस दौरान आयोजकों ने न तो सांसद को मंच पर आमंत्रित किया और न ही कोई प्रशासनिक अधिकारी उनसे मिलने पहुंचा।
ये भी पढ़ें-
हद है: टीवी-न पंखा, एक बल्ब जलाने वाले बुजुर्ग को थमाया 1.39 लाख का बिजली बिल; ऊपर से जेल भेजने की धमकी अलग
तहसीलदार से मांगा लिखित जवाब
प्रोटोकॉल के नियमों का उल्लंघन होता देखकर सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने मौके पर ही मौजूद तहसीलदार शैलेश सिंह को बुलाकर अपनी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए तहसीलदार से पूरे घटनाक्रम पर लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने को कहा। सांसद ने स्पष्ट किया कि जनता ने उन्हें अपना सेवक चुना है और अधिकारी भी जनता की सेवा के लिए ही पदों पर तैनात किए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों से लिखित में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की कि किस नियमावली के तहत जनप्रतिनिधि की उपेक्षा कर लोकार्पण प्रक्रिया संपन्न की गई।
वीडियो सार्वजनिक होने के बाद बढ़ी हलचल
सांसद द्वारा तहसीलदार से लिखित जवाब मांगने और नाराजगी जताने का वीडियो सार्वजनिक हो चुका है। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद से ही जिले के राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। शासकीय कार्यक्रम में प्रोटोकॉल की अनदेखी किस स्तर पर हुई और इसकी जिम्मेदारी किसकी थी, यह स्थिति सांसद को मिलने वाले प्रशासनिक जवाब के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।