Bhopal: 31 आईपीएस अफसरों को प्रमोशन
- फोटो : सोशल मीडिया
भोपाल के पहले पुलिस कमिश्नर मकरंद देऊस्कर एक जनवरी को आईजी से एडीजी हो जाएंगे। वे 1997 बैच के अधिकारी हैं। देऊस्कर के साथ इस बैच में डी. श्रीनिवास वर्मा, उमेश जोगा और सोलोमन यश कुमार मिंज को भी एडीजी के पद पर पदोन्नति के लिए हरी झंडी मिल गई। राज्य सरकार ने 31 आईपीएस अफसरों को प्रमोशन दे दिया है। गृह विभाग ने इसके आदेश जारी कर दिए हैं।
ये तय हुआ गुरुवार को हुई डीपीसी यानी डिपार्टमेंटल प्रमोशन कमेटी की बैठक में। नियत तिथि से दो बार टलने के बाद आईपीएस अफसरों के चार बैच में प्रमोशन और सुपर टाइम स्केल के लिए गुरुवार को डीपीसी हो गई। डीपीसी की बैठक पहले 21 दिसंबर को होनी थी, लेकिन नहीं हो सकी। फिर तय हुआ कि 27 दिसंबर को होगी, किन्हीं कारणों से फिर टल गई। आखिरकार 30 दिसंबर को बैठक की गई। डीपीसी में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस, डीजीपी विवेक जौहरी, गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. राजेश राजौरा और स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव मोहम्मद सुलेमान शामिल हुए।
हाल में चंबल डीआईजी सचिन अतुलकर को भोपाल का एडीशनल पुलिस कमिश्नर और ग्वालियर डीआईजी आरके हिंगणकर को इंदौर का एडीशनल पुलिस कमिश्नर बनाए जाने से चंबल और ग्वालियर डीआईजी के लिए नए नामों पर विचार शुरू हो गया है। ग्वालियर आईजी अविनाश शर्मा भी 31 दिसंबर को रिटायर हो रहे हैं। उनकी जगह गृह सचिव डी. श्रीनिवास वर्मा को भेजे जाने के संकेत हैं।
गृह मंत्रालय की मंजूरी, सभी अफसर एक जनवरी को प्रमोट हो जाएंगे
आईजी से एडीजी के अलावा 2004 बैच के अफसर डीआईजी से आईजी बनेंगे। इसमें भोपाल के एडीशनल पुलिस कमिश्नर इरशाद वली के साथ चार अधिकारी गौरव राजपूत, संजय कुमार, आरएस डेहरिया व संजय तिवारी शामिल हैं। एसपी से डीआईजी के लिए 2008 बैच के सभी नाम क्लियर हो गए। इसमें शियस ए, जयदेवन ए और ललित शाक्यवार शामिल हैं। 2009 बैच के आईपीएस अधिकारियों को सुपर टाइम स्केल मंजूर हुआ। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक जनवरी 2022 की स्थिति में उपरोक्त चार बैच के अधिकारियों के प्रमोशन के लिए पदों की रिक्तता भी मंजूर कर ली। सभी अफसर एक जनवरी को प्रमोट हो जाएंगे।