राष्ट्रपति चुनाव के लिए मध्य प्रदेश विधानसभा भवन में मतदान हो रहा है। कांग्रेस विधायक सचिन बिरला ने भी एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू के पक्ष में वोट डाला है। सुबह विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम के बाद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधायकों में सबसे पहले वोट डाला था।
मध्य प्रदेश विधानसभा भवन के समिति कक्ष में मतदान केंद्र बनाया गया है। यहां पर सुबह 10 बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो गई है। शाम 5 बजे तक विधायक अपना वोट डाल सकेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम के बाद अपना वोट डाला। यह मतदान पूरी तरह गोपनीय है। बीजेपी और कांग्रेस के 190 से ज्यादा विधायकों ने मतदान कर दिया है। मतदाता मतपत्र पर चुनाव आयोग की दी विशेष पेन से अपनी प्राथमिकता संबंधी प्रत्याशी के नाम के सामने अंकित करेंगे। मतदान कक्ष में मोबाइल फोन समेत अन्य उपकरण ले जाना प्रतिबंधित है। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटी विमान से दिल्ली ले जाई जाएगी।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए बीजेपी ने गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा को प्रभारी बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने पूर्व मंत्री और विधायक पीसी शर्मा और बाला बच्चन को जिम्मेदारी दी है।