राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 18 जून को दो दिवसीय यात्रा पर तीर्थनगरी ओंकारेश्वर पहुंचेंगी। वे यहां दो दिन प्रवास करेंगी। उनकी सुरक्षा के लिए करीब 1500 जवान और अधिकारियों की तैनाती की जाएगी। खंडवा जिला प्रशासन उनकी यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा है। कलेक्टर ऋषभ गुप्ता और पुलिस अधीक्षक अगम जैन सुरक्षा व्यवस्था की लगातार समीक्षा कर रहे हैं।
ओंकारेश्वर थाना प्रभारी अनुप सिंधिया ने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए खंडवा, खरगोन, बड़वानी, धार, धामनोद और इंदौर से बड़ी संख्या में पुलिस बल बुलाया गया है। करीब 1500 जवान और अधिकारी एक दिन पहले ओंकारेश्वर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभालेंगे।
राष्ट्रपति दो दिनों तक ओंकारेश्वर में प्रवास करेंगी
राष्ट्रपति मुर्मू ओंकारेश्वर से करीब चार किलोमीटर पहले स्थित शिवकोठी हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगी। उनकी अगवानी के लिए प्रदेश के राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव व अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे। प्राप्त जानकारी के अनुसार राष्ट्रपति दो दिनों तक ओंकारेश्वर में प्रवास करेंगी। पहले दिन वे भगवान ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करेंगी और यहीं रात्रि विश्राम करेंगी। दूसरे दिन वे सिकल सेल स्वास्थ्य सेवा कार्यक्रम में शामिल होंगी।
ये भी पढ़ें- MP: ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए ओंकारेश्वर आएंगी राष्ट्रपति मुर्मू, निमाड़ में उत्साह का माहौल; तैयारियां तेज
राष्ट्रपति के दर्शन के लिए विशेष व्यवस्थाएं
ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर ट्रस्ट ने भी राष्ट्रपति के दर्शन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। मंदिर ट्रस्ट के प्रबंध ट्रस्टी राजा पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि राष्ट्रपति के दर्शन एवं पूजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंदिर के पुजारी उनके द्वारा विधि-विधान से अभिषेक और पूजन संपन्न कराएंगे। साथ ही ट्रस्ट की ओर से राष्ट्रपति का सम्मान भी किया जाएगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 38 वर्षों बाद ओंकारेश्वर पहुंचने वाली देश की दूसरी राष्ट्रपति होंगी। इससे पहले वर्ष 1988 में तत्कालीन राष्ट्रपति आर. वेंकटरमण राष्ट्रपति पद पर रहते हुए ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने पहुंचे थे।