मध्य प्रदेश में संत रविदास जयंती पर भाजपा और कांग्रेस दोनों को ही दलितों की याद आ रही है। दोनों ही पार्टियां संत रविदास जयंती पर कार्यक्रम का आयोजन कर रही हैं। बुधवार को चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस के संत रविदास जयंती मनाने पर निशाना साधा। सारंग ने कहा कि कांग्रेस हर मुद्दे पर राजनीति करना चाहती है। मैं कांग्रेस और कमलनाथ जी से पूछना चाहता हूं कि उनकी 15 महीने की सरकार में उनको महापुरुष क्यों याद नहीं आए।
उनके प्रति उन्होंने कृतज्ञता ज्ञापित क्यों नहीं की। उनको उस समय तो नेहरू परिवार याद आता था। भ्रष्टाचार याद आता था। 15 महीने की कमलनाथ सरकार में किसी भी महापुरुष से लोग प्रेरणा ले सकें इसके लिए कोई काम नहीं किया गया। सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के नेतृत्व में भाजपा संत रविदास के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित तो कर ही रही है साथ ही उनके संदेश को नीचे पंचायत तक पहुंचाने का काम भी कर रही है।
कांग्रेस में लोकतांत्रिक व्यवस्था नहीं: मंत्री सारंग
सारंग ने कहा कि कांग्रेस में कोई लोकतांत्रिक व्यवस्था नहीं है। ओबीसी की तरफ से कमलनाथ के सम्मान समारोह में हाथापाई हो रही है। कांग्रेस में संगठन कहा है। कांग्रेस का घर चलो, घर-घर चलो अभियान फेल हो गया। उन्होंने सदस्यता अभियान चलाया, उसकी पूरी हवा निकल गई। सारंग ने जय-जय कमलनाथ के नारों पर कहा कि वहां नेहरू परिवार की जय जयकार होती है। उनकी जय जयकार करने की परिपाठी रही है। उनके गुर्गों को ही आगे बढ़ाया गया। कोई भी गरीब परिवार से आगे नहीं बढ़ा।