मध्यप्रदेश के गुना में अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले चार लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से मैगजीन सहित पांच पिस्टल जब्त की हैं। आरोपियों में से एक राष्ट्रीय स्तर का कबड्डी खिलाड़ी है और प्रो कबड्डी लीग टूर्नामेंट में खेलता है। पिछले टूर्नामेंट में वह दबंग दिल्ली टीम की ओर से खेला था। पुलिस ने बताया कि चारों आरोपी बुरहानपुर से ये पिस्टल खरीदकर लाए थे।
जानकारी के अनुसार बुधवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि गुना की तरफ से तीन-चार बदमाश पिस्टल आदि हथियार लेकर शिवपुरी की ओर निकले हैं। इस पर पुलिस ने नाकाबंदी की और जिस कार से आरोपी जा रहे थे उसे रोका। कार में सवार चार लोगों को हिरासत में ले लिया गया।
इनके नाम रामप्रसाद उर्फ दीपक निवासी ग्राम लाठ, थाना गोहाना, जिला सोनीपत, हरियाणा, रिंकू (22) निवासी गोहाना, जिला सोनीपत, हरियाणा, आमिर (26) निवासी तारकेश्वरी कालोनी, थाना देहात, जिला शिवपुरी और महेंद्र (47) निवासी खेड़ापति मंदिर के पास पुरानी शिवपुरी हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों के पास से पांच पिस्टल मैगजीन के साथ और तीन अतिरिक्त मैगजीन बरामद की हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि पिस्टल बुरहानपुर के सिगलीगरों से लेकर आए थे। इन्होंने बुरहानपुर एक के व्यक्ति का नाम भी बताया है, जिसकी तलाश के लिए भी पुलिस जल्द कार्रवाई करेगी। आरोपी रिंकू जाट इंडिया प्रो कबड्डी लीग का खिलाड़ी है। वह दबंग दिल्ली टीम की तरफ से खेलता है। उससे पहले वह बंगाल वॉरियर्स की ओर से भी खेल चुका है। वह डिफेंडर के रूप में खेलता है।