घटनास्थल पर जांच करते वन विभाग के अधिकारी।
- फोटो : सोशल मीडिया
बुरहानपुर जिले में लगातार हो रहे वनों के अतिक्रमण के बाद अब वन्य प्राणियों के शिकार के मामले भी सामने आने लगे हैं। नेपानगर स्थित नावरा वन परिक्षेत्र में शिकारियों ने एक लकड़बग्घे का शिकार किया है। उसके बाद उसके अवशेष भी जंगल की मिट्टी में दबा दिए। शनिवार रात जंगल पहुंचे वन अधिकारियों ने शक के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रहे हैं। पूछताछ के बाद वन विभाग आरोपियों पर वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश करने की बात कह रहा है ।
जानकारी के अनुसार नेपानगर के नावरा वन्य परिक्षेत्र के कक्ष क्रमांक 265 के एरिया में कुछ शिकारियों ने एक लकड़बग्घे का शिकार कर उसके अंग काट लिए और बाकि बचे धड़ को एक नाले के पास दफना दिया। वन विभाग को मुखबिर ने सूचना दी कि लगभग दो दिन पहले शिकारियों ने एक वन्य जीव का शिकार किया है और उसके अंग काटकार उसे जंगल में ही कहीं फेंक दिया है। सुचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम स्नाइपर डॉग के साथ जंगल पहुंची और वन्य जीव के शव की तलाश शुरू की। जिसके बाद पता चला कि नाले के पास शिकारियों ने वन्य जीव के शव को मिट्टी में दफ़न किया था। इस मामले में वन परिक्षेत्र में रहने वाले दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है जिनसे पूछताछ की जा रही है।
बाकड़ी रेंज के रेंजर डीके सिंह ने बताया कि बाकडी गांव के पास में जामफ़ाटी फ़ालिया है, इसके पास में सूचना मिली थी कि एक वन्य प्राणी का शिकार किया हुआ है और नाले के पास उसको दबाया गया है। अभी स्नाइपर डॉग भी लेकर आए हैं और उसके तहत हम सर्च कर रहे हैं। उसके पैर भी कटे हुए हैं। वन्य प्राणी लकड़बग्घा है। दो लोगों को पूछताछ के लिए भी ले गए हैं, अभी पूछताछ की जा रही है कि यह कब किया है। एक से दो दिन इसको हो चुके हैं। इसका विधिवत एक अपराध प्रकरण दर्ज करके न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।