तीन शिक्षिकाओं पर बच्ची के यौन शोषण का आरोप
बच्चियों से बलात्कार के मामले में एनसीआरबी की रिपोर्ट में देशभर में मध्यप्रदेश सबसे आगे है। अब इंदौर में तीन शिक्षिकाओं पर प्ले स्कूल में पढ़ने वाली एक बच्ची के साथ यौन शोषण का आरोप लगा है। पुलिस ने तीनों आरोपी शिक्षिकाओं को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
मध्यप्रदेश में इंदौर के मल्हारगंज इलाके में रहनेवाली बच्ची के साथ यौन शोषण हुआ है। पीड़ित बच्ची की उम्र साढ़े चार साल है और वह जंगमपुरा के यूरो किड्स इंटरनेशनल प्ले स्कूल में एलकेजी क्लास में पढ़ती है। बच्ची के मां ने स्कूल की तीन शिक्षिकाओं समीक्षा तोषनीवाल, यामिनी बारगल और रश्मि खंडेलवाल पर बच्ची का यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। मल्हारगंज पुलिस स्टेशन में शुक्रवार को बच्ची मां ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। जिसके बाद थाना इंचार्ज पवन सिंघल, सीएसपी वंदना चौहान व एक महिला आरक्षक ने शिकायत की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित बच्ची ने पुलिस के सामने दिए अपने बयान में कहा कि कई दिन से शिक्षिकाएं उससे गंदी हरकत कर रही थीं। पुलिस ने बच्ची की मेडिकल जांच कराई। बच्ची का परिवार मूल रूप से अमरावती का रहने वाला है। बच्ची के पिता ट्रांसपोर्टर हैं। बच्ची की मां गर्भवती हैं और तीन महीने से मायके में रह रही थी इसलिए तीन महीने पहले ही बच्ची को प्ले स्कूल में भर्ती करवाया गया था।