मध्यप्रदेश के इंदौर में स्वास्थ्य कर्मियों के दल पर पथराव का हफ्ते भर पुराना मामला अभी ठंडा भी नहीं पड़ा था कि चंदन नगर में पुलिसकर्मियों पर पत्थर चलाए जाने की घटना सामने आई है। हालांकि, आरोपियों को बुधवार को धर दबोचा गया। इनके खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) के तहत कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर व जिला दंडाधिकारी मनीष सिंह ने चंदन नगर में हुई घटना के चार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए रासुका के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को जबलपुर और सतना जेल भेजने के आदेश दिए गए हैं।
जिनके खिलाफ रासुका के तहत कार्रवाई हुई है, उनके नाम जावेद (25), इमरान खान (24), नासिर खां (58), सलीम खान (50) और समीर अनवर (22) हैं। जानकारी के मुताबिक ये आरोपी लॉकडाउन का उल्लंघन कर रहे थे। पुलिस के मना करने पर इन्होंने बदतमीजी की और पत्थरबाजी शुरू कर दी।
पुलिस अधीक्षक (पश्चिम) महेशचंद्र जैन ने बताया कि चंदन नगर इलाके में मंगलवार शाम कर्फ्यू का उल्लंघन कर बाहर घूम रहे लोगों को एक पुलिस आरक्षक ने अपने घर जाने को कहा था। इस बात को लेकर इन लोगों ने पुलिस कर्मी से बहस की और अचानक उस पर पथराव शुरू कर दिया। पुलिस कर्मी ने जैसे-तैसे मौके से निकलकर खुद को सुरक्षित बचाया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही चंदन नगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस बल भेजकर आरोपियों की तलाश की गई और आरोपियों को गिरफ्तार किया।
कोरोना वायरस : इंदौर में एक और मरीज की मौत, मृतक संख्या हुई 16
वहीं इंदौर में एक और मरीज की मौत का मामला बुधवार को सामने आया। इसके बाद शहर में कोरोना वायरस के कारण दम तोड़ने वाले मरीजों की तादाद बढ़कर 16 पर पहुंच गई है।
शासकीय महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि 49 वर्षीय पुरुष ने शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मंगलवार शाम आखिरी सांस ली। वह 24 मार्च को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था।
तब्लीगी जमात: छुपे हुए सदस्य 24 घंटे में सामने नहीं आए तो कार्रवाई की जाएगी : चौहान
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात के कार्यक्रम में शामिल लोगों ने अगले 24 घंटे के अंदर स्वयं प्रशासन को अपनी जानकारी नहीं दी तो प्रदेश सरकार उनके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर उचित कानूनी कार्रवाई करेगी।
चौहान ने ट्वीट किया, 'मध्यप्रदेश से निजामुद्दीन मरकज में गए सभी नागरिकों और विदेश से आ कर मस्जिदों में छुपे लोगों की पहचान कर सबको प्रशासन ने पृथक कर दिया है। इसके बाद भी अगर कोई कहीं छुपा हुआ है, तो मेरा उनसे आग्रह है कि अगले 24 घंटे के अंदर वे स्वयं प्रशासन को इसकी जानकारी दें।'