राज्य में मरीजों को अब नये मैन्यू के हिसाब से स्वादिष्ट और पौष्टिक भोजन दिया जायेगा। नये मैन्यू की यह व्यवस्था जिला जेपी अस्पताल समेत सभी सरकारी अस्पतालों में एक अप्रैल से लागू होगी।
स्वास्थ्य विभाग ने भी अस्पतालों को भोजन के लिये दी जाने वाली राशि में 33 फीसदी की बढ़ोतरी कर दी है। नये मैन्यू के अनुसार भोजन डाइटीशियन की देखरख में मरीजों की जरूरत के अनुसार दिया जायेगा। नये मैन्यू की शुरूआत राजधानी के जेपी और काटजू अस्पताल से की जायेगी इसके बाद इंदौर के एमवाय अस्पताल के मरीजों को इसका लाभ मिल सकेगा।
नये मैन्यू के अनुसार मरीजों को उपमा, मिठाइयां और दूध से लेकर पनीर, सलाद, अचार और पापड़ आदि भोजन दिया जायेगा। अभी अस्पतालों में मरीजों को दूध-ब्रेड के साथ दाल, रोटी और चावल ही परोसा जाता है। नया मैन्यू तैयार करने के पीछे स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य मरीजों को पौष्टिक और स्वादिष्ट भोजन देना है। रोज-रोज एक जैसा खाना होने से मरीज भी इससे ऊब जाते हैं। नए मैन्यु के अनुसार मरीजों को हर दिन नया खाना दिया जाएगा। मरीजों को दी जाने वाली मिठाइयां शुगर फ्री होंगी और खाने में मैदे का कम से कम इस्तेमाल किया जाएगा।
साथा ही अगले वित्तीय वर्ष से मरीजों की खुराक का बजट भी बढ़ाया जाएगा। गर्भवती महिलाओं और सामान्य मरीजों को मिलने वाली खुराक की राशि में दस रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अभी सामान्य मरीजों को 30 रुपये और गर्भवती महिलाओं को 60 रुपये का भोजन दिया जाता है। यह राशि अब क्रमश: 40 और 70 रुपये हो जायेगी। इसमें 40 प्रतिशत राज्य सरकार और 60 प्रतिशत एनआरएचएम के मद से दिया जाएगा।