शासकीय कुशाभाऊ ठाकरे जिला अस्पताल
- फोटो : Amar Ujala Digital
शासकीय कुशाभाऊ ठाकरे जिला अस्पताल में गुरुवार की सुबह एक मरीज की मौत के बाद हंगामा हो गया। इस दौरान रात्रि शिफ्ट में ड्यूटी पर तैनात स्टाफ नर्स को वॉशरूम में छिपकर अपनी जान बचानी पड़ी। वह सहकर्मियों के साथ-साथ अस्पताल में मौजूद सुरक्षाकर्मियों को भी फोन लगाती रही, लेकिन कोई मदद को नहीं पहुंचा।
घटना के बाद पीड़ित नर्सिंग ऑफिसर मनीषा ने सिविल सर्जन को अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि वह मेडिकल वार्ड में गुरुवार सुबह मैं ड्यूटी में तैनात थी। तभी वार्ड में भर्ती मरीज गौरव यादव की मौत हो गई। उसकी हालत काफी नाजुक थी। डॉक्टर आनंद विश्वकर्मा ने सुबह ही जांच कर परिजनों को बता दिया था कि मरीज की हालत नाजुक है। कुछ देर बाद ही उसकी मौत हो गई, जिसके बाद आक्रोशित परिजन मेडिकल बोर्ड के नर्सिंग स्टेशन पहुंच गए और मेरे एवं वार्ड आया साधना तिवारी के साथ गाली-गलौज करने लगे।
मदद को नहीं आया कोई
वार्ड में हो रहे हंगामे और तोड़फोड़ की घटना से नर्सिंग ऑफिसर एवं वार्ड आया काफी डर गईं। किसी तरह वह नर्सिंग स्टेशन का गेट बंद कर वॉशरूम में छिप गईं। आक्रोशित परिजनों ने नार्सिंग स्टेशन का गेट तोड़ दिया और भीतर आ गए। जब वहां कोई भी स्टाफ नहीं दिखा तो नाराज परिजनों ने भीतर रखा मेडिकल का सामान तोड़ दिया और फाइलों को भी इधर-उधर फेंक दिया। इस दौरान उन्होंने गार्ड एवं स्टाफ को फोन भी किया लेकिन कोई मदद नहीं मिली। जब मामला शांत हुआ तब वे बाहर आईं।
सुरक्षा की मांग
पीड़ित नर्सिंग ऑफिसर अपनी व्यथा सीएस को सुनाते हुए रो पड़ी। उसने कहा कि आए दिन रात्रि शिफ्ट में महिला स्टाफ ड्यूटी पर रहती हैं। इस घटना से हम अपने आप को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। हमारी सुरक्षा के इंतजाम किए जाएं और गार्ड की भी ड्यूटी नार्सिंग स्टेशन के आसपास लगाई जाए।