सड़क पर बिखरी बियर की बोतलें उठाने के लिए लोग झोला लेकर पहुंच गए।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में शराब और बियर से भरी गाड़ी एक कार से टकरा गई। टक्कर के बाद सड़क पर बियर की बोतलें बिखर गईं। इसे देख कई लोग बियर लूटने के लिए टूट पड़े। कुछ लोग तो वहीं बोतल खोलकर पीने लगे। बाद में पुलिस पहुंची और मामले को संभाला।
जानकारी के अनुसार बड़वानी थाना के कसरावद के पास नर्मदा नदी के पुल पर बुधवार सुबह कार और तूफान वाहन में भिड़ंत हो गई। टक्कर जोरदार होने से तूफान वाहन पुल की रेलिंग से टकरा गया। टक्कर के बाद गाड़ी से बियर की बोतलें बाहर सड़क पर बिखर गईं। सड़क पर बोतलें देख लोग उन्हें लूटने के लिए जमा हो गए। कुछ लोग झोले में भी शराब और बियर भरकर ले गए। कुछ लोग तो सड़क पर ही बीयर पीने लगे। मौके पर भारी भीड़ लग गई, जिससे पुल पर लंबा जाम लग गया। दूसरी कार में एक फैमिली थी, जिनको मामूली चोटें आई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने इलाज के लिए उन्हें पास के हॉस्पिटल भेज दिया। बियर कहां से लाई जा रही थी और कहां ले जाई जा रही थी, पुलिस पता लगा रही है।