बंदर के हमले के बाद बच्चे की जांघ पर गंभीर घाव हो गया।
पुराना पन्ना के खेर माता मंदिर इलाके में एक पागल बंदर का खूनी आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में, आम तोड़ने गए 14 वर्षीय मासूम पर बंदर ने ऐसा खूंखार हमला किया कि उसकी जांघ का मांस तक नोंच लिया। इलाके में बीते दो दिनों के भीतर यह तीसरी वारदात है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी दहशत का माहौल है।
चीखें सुनकर दौड़े लोग, बमुश्किल बची जान
जानकारी के अनुसार, पुराना पन्ना में किराए के मकान में रहने वाले अशोक पटवा का 14 वर्षीय बेटा दुर्गेश पटवा खेर माता मंदिर के पास आम तोड़ने गया था। इसी दौरान घात लगाए बैठे पागल बंदर ने उस पर अचानक हमला कर दिया। बंदर ने बच्चे को दबोचकर उसकी जांघ पर बुरी तरह दांत गड़ा दिए और मांस नोंच लिया। बच्चे की दर्दनाक चीखें सुनकर आसपास के लोग लाठी-डंडे लेकर दौड़े और शोर मचाकर बमुश्किल बंदर के चंगुल से मासूम की जान बचाई। घायल बच्चे को तुरंत अस्पताल ले जाया गया है।
ये भी पढ़ें-
पिस्टल संग रील बनाने वाली युवती वायरल, हथियार लहराते बनाया वीडियो, अब पुलिस तलाश रही कुंडली
दो दिन में तीन वारदातों से दहशत
पीड़ित बच्चे की मां और स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस इलाके में बंदरों, खासकर इस एक पागल बंदर का भारी आतंक है। इसी बंदर ने एक अन्य मासूम बच्चे को अपना शिकार बनाया था। इसके अलावा एक राहगीर पर भी हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया था। लगातार हो रहे हमलों से पूरे खेर माता मंदिर क्षेत्र के निवासियों में डर का माहौल है। बच्चों का घरों से निकलना दूभर हो गया है। स्थानीय नागरिकों ने वन विभाग के आला अधिकारियों से मांग की है कि इस बंदर को जल्द से जल्द पिंजरा लगाकर पकड़ा जाए, ताकि कोई बड़ी जनहानि न हो।
लोगों ने की वन विभाग से अपील
पन्ना जिले के स्थानीय लोगों ने पन्ना के वन विभाग से हमें अपील की है कि इस पागल बंदर को जल्द से जल्द रेस्क्यू कर शहरी आबादी वाले क्षेत्र से जंगल की ओर छोड़ जाए। बता दें कि इसके पूर्व में भी शहर में बंदरों का आतंक देखा गया था और लगातार लोगों को निशाना बनाया जा रहा था। अब इस घटना के बाद लोगों में दहशत का माहौल है।
बंदर के हमले से घायल बच्चे