बृहस्पति कुंड में हादसा, गहरे पानी में डूबा नर्सिंग छात्र
जिले के ऐतिहासिक और प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बृहस्पति कुंड में आज एक बेहद दर्दनाक हादसा हो गया। यहां हजारों फीट की ऊंचाई से गिरते पानी के बीच दोस्तों के साथ घूमने आया एक नर्सिंग छात्र गहरे पानी में नहाते समय अचानक लापता हो गया। घटना के बाद से ही मौके पर हड़कंप मचा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार सतना में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई करने वाले 4 से 5 छात्रों का एक ग्रुप आज बृहस्पति कुंड घूमने आया था। घूमते-घूमते यह ग्रुप बरौंदा थाना अंतर्गत आने वाले प्रतिबंधित क्षेत्र में चला गया। इसी दौरान नहाते समय कुनाल ठाकुर, जो कि मूल रूप से बिहार का निवासी था, गहरे पानी में समा गया और अचानक गायब हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बृजपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी शक्ति प्रकाश पाण्डेय ने बताया कि चूंकि घटना स्थल का क्षेत्र बरौंदा थाना अंतर्गत आता है, इसलिए बरौंदा थाना पुलिस को भी तत्काल मामले से अवगत कराया गया। लापता छात्र की तलाश के लिए SDRF को सूचना दे दी गई है। पुलिस और गोताखोरों की मदद से गहरे पानी में युवक की तलाश के लिए लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
ये भी पढ़ें: Dhar News: सरकारी राशन में लाखों रुपये की गड़बड़ी उजागर; तीन संचालकों पर केस दर्ज: स्टॉक में भी हेराफेरी
इसके पूर्व भी कई घटनाएं हो चुकी हैं
गौरतलब है कि पन्ना का बृहस्पतिक खंड अपने आप में अद्भुत और विलक्षण है इसको देखने के लिए लोग दूर-दूर से यहां आते हैं लेकिन इसकी गहराई का पता नहीं होने के कारण लोग नहाने के उद्देश्य से गहरे पानी में चले जाते हैं और हजारों फीट ऊंचाई से गिरता झरना के लोग आगोश में चले जाते हैं और अपनी जान गंवा देते हैं इसके पूर्व भी इस क्षेत्र में इस कुंड में कई घटनाएं हो चुकी हैं और बरसात आने पर यह घटना आए दिन इस कुंड में होती है।
प्रशासन की अपील
हालांकि प्रशासन ने जगह-जगह सांकेतिक बोर्ड भी लगाए हैं और बरसात के दिनों में गहरे पानी में न जाने की सलाह के संकेत भी दिए हैं लेकिन इन सब के बावजूद भी लोग भाग प्रशासन की इस अपील को नहीं मानते और कोई ना कोई घटना जरूर घट जाती है प्रशासन ने ऐसे में अपील की है की बरसात के सीजन में नदी झरना कुंड के आसपास ना जाएं दूर से ही प्रकृति का नजारा लें।