पन्ना के देवेंद्र नगर बांध में बुधवार को मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान पांच युवक डूब गए। हादसे में 18 वर्षीय आयुष अग्रवाल और 25 वर्षीय कृष्णा सोनी की मौत हो गई, जबकि तीन युवकों को बचा लिया गया।
जहां कल तक मां दुर्गा की भक्ति के सुर गूंज रहे थे, वहां आज चीख-पुकार और सिसकियां सुनाई दे रही हैं। बुधवार, 21 अक्टूबर को देवेंद्र नगर बांध में मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुए हादसे में दो युवकों की डूबने से मौत हो गई, जबकि तीन युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
दो युवकों की मौत, तीन को बचाया
दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़
हादसे की खबर मिलते ही दोनों युवकों के परिवारों में कोहराम मच गया। अपने बेटों को खोने के गम में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिन घरों में कुछ समय पहले तक उत्सव का माहौल था, वहां अब मातम पसरा है। आसपास के लोग शोकाकुल परिवारों को सांत्वना देने में जुटे हैं।
प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कैसे हुआ हादसा
प्रत्यक्षदर्शी रामकिशोर रैकवार ने बताया कि वे प्रतिमा विसर्जन के लिए बांध पर गए थे। इसी दौरान दो युवकों के पानी में डूबने की सूचना मिली। वे तुरंत पानी में कूद गए। वहां मौजूद दो अन्य मछुआरों ने भी बचाव में मदद की। उन्होंने बताया कि युवकों को प्रतिमा के नीचे से बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, मौके पर प्रशासन की ओर से गोताखोरों की व्यवस्था नहीं थी।
मौके पर पहुंचीं एसपी
घटना के बाद पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि देवेंद्र नगर बांध में प्रतिमा विसर्जन शांतिपूर्वक चल रहा था। इसी दौरान विसर्जन के लिए गए युवकों का पैर फिसलने या अनजाने में गहरे पानी में चले जाने से हादसा हुआ। इसमें दो युवकों की मौत हो गई।
देवेंद्र नगर के तहसीलदार सुमित तिवारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। विसर्जन स्थल पर पुलिस, राजस्व और नगर परिषद का अमला तैनात था। पांच युवकों के डूबने की सूचना मिलने पर सभी को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। अन्य तीन युवकों को पन्ना जिला अस्पताल रेफर किया गया।