वन विभाग द्वारा जब्त की गई लकड़ी
- फोटो : अमर उजाला
पन्ना में वन विभाग की टीम ने अवैध फर्नीचर कारखाने पर छापामार कार्रवाई करते हुए सागौन की लकड़ी और आरा मशीन को जब्त किया। उत्तर वन मंडल के द्वारा आगरा मोहल्ला स्थित छोटे खान के घर पर छापेमार कार्रवाई की गई, आरोपी के घर में आरा मशीन से लकड़ी की चिराई का काम किया जा रहा था। वन विभाग की टीम ने मौके से आरा मशीन और बड़ी मात्रा में करीब 1 घन मीटर सागौन की बेशकीमती लकड़ी बरामद की है। जब्त की गई लकड़ी की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई जा रही है। वहीं, मशीन की कीमत सवा लाख रुपये से ज्यादा है।
उत्तर वन मंडल ने बीते दिनों भी आगरा मोहल्ला में पच्चू खरे के घर से बड़ी मात्रा में सागौन की लकड़ी और मशीन जब्त की थी। जिले में सागौन की लकड़ी का अवैध व्यापार थमने का नाम नहीं ले रहा है। उत्तर वन मंडल डीएफओ गौरव शर्मा के अनुसार इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेंगी और सागौन के अवैध व्यापार में सम्मिलित माफियाओं पर शिकंजा कसा जाएगा। उक्त कार्रवाई में वन विभाग अमला सहित पन्ना टाइगर रिजर्व के अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।