कथा वाचक पंडित प्रदीप मिश्रा पांच सितंबर को छिंदवाड़ा पहुंच रहे हैं। वे यहां नौ सितंबर तक भगवान शिव की शिवपुराण कथा का पाठ करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और उनके सांसद बेटे नकुलनाथ ने इस कथा का आयोजन किया है। इसके लिए व्यापक तैयारियां हो चुकी हैं।
पंडित प्रदीप मिश्रा दोपहर दो बजे विशेष हेलीकाप्टर से छिंदवाड़ा के नरसिंगपुर नाका पहुंचेंगे। यहां कमलनाथ और नकुलनाथ उनकी अगवानी करेंगे। यहां से शोभायात्रा शुरू होगी जो नगर का भ्रमण करते हुए इमलीखेड़ा पहुंचेंगे। इस शोभायात्रा को लेकर विशेष व्यवस्था की गई है।
पंडित प्रदीप मिश्रा की शोभायात्रा नरसिंहपुर नाके से प्रारंभ होकर श्याम टॉकीज, संतोषी माता मंदिर, चार फाटक होते हुए इंदिरा तिराहा और मोती रॉयल पैलेस होते हुए इमलीखेड़ा चौक पर समाप्त होगी। इस दौरान शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। पार्किंग के लिए जगन्नाथ स्कूल और छोटी एमएलबी में व्यवस्था की गई है। शोभायात्रा मार्ग पर भीड़ के मद्देनजर डायवर्जन भी तय किए गए हैं।
राजनीतिक महत्व है इस कथा का
कमलनाथ और नकुलनाथ ने पिछले दिनों बागेश्वर धाम के पीठाधीश पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की कथा कराई थी। इस दौरान लाखों लोग छिंदवाड़ा आए थे। अब पंडित प्रदीप मिश्रा के भक्त भी बड़ी संख्या में वहां पहुंच सकते हैं। इसे कमलनाथ के सॉफ्ट हिंदुत्व के साथ ही इलाके के हिंदू वोटरों को आकर्षित करने का प्रयास बताया जा रहा है। हाल ही में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने जामसांवली में भव्य हनुमान लोक बनाने की योजना का भूमिपूजन भी किया है।