बस स्टैंड का भूमिपूजन करेंगे धीरेंद्र शास्त्री
- फोटो : सोशल मीडिया
दमोह में एक अप्रैल को बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री नए बस स्टैंड निर्माण की आधारशिला रखने के लिए आ रहे हैं। यह प्रदेश का पहला बस स्टैंड होगा जिसका निर्माण शुरू होने वाला है। बागेश्वर धाम सरकार के नाम से विख्यात धीरेंद्र शास्त्री के नगर आगमन की तैयारियां जोरों से की जा रही हैं। यह बहु प्रतीक्षित बस स्टैंड है, जिसके निर्माण का इंतजार दमोहवासी पिछले पांच साल से कर रहे हैं।
बता दें, मप्र के पूर्व वित्त मंत्री जयंत मलैया ने अपने कार्यकाल में दमोह सागर स्टेट हाईवे पर पावर ग्रिड के सामने आधुनिक बस स्टैंड निर्माण का भूमि पूजन किया था, करीब 30 करोड़ की राशि से नए बस स्टैंड का निर्माण होना था, लेकिन वह 2018 का विधानसभा चुनाव हार गए और भाजपा की सरकार भी चली गई थी।
यह विधानसभा चुनाव इसी बस स्टैंड के मुद्दे पर लड़ा गया था और जब राहुल सिंह दमोह से विधायक बने और कांग्रेस की सरकार आई तो बस स्टैंड यथावत रखने की बात करते हुए राहुल सिंह ने 8 करोड़ की राशि से यहां पुराने बस स्टैंड का भूमि पूजन कर दिया था, लेकिन एक रुपये का काम भी वर्तमान बस स्टैंड पर नहीं हुआ। 15 महीने बाद ही पुनः भाजपा की सरकार बन गई और राहुल सिंह ने भी विधायकी से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया था। उसके बाद पुनः नए बस स्टैंड निर्माण की प्रक्रिया शुरू हुई और नगर पालिका के द्वारा टेंडर निकाले गए और समय निकलने के साथ ही नए बस स्टैंड निर्माण की राशि भी 30 से बढ़कर 35 करोड़ हो गई और आखिर पांच साल के इंतजार के बाद निर्माण एजेंसी मिल गई और इसी साल होने वाले विधानसभा चुनाव के पहले बस स्टैंड निर्माण की तारीख तय हो गई और बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के द्वारा ही इस आधुनिक बस स्टैंड निर्माण का भूमि पूजन तय हुआ और एक अप्रैल की सुबह 9 बजे वह दमोह पहुंचेंगे। और भूमि पूजन करेंगे।