ओरछा पर्यटन के नक्शे पर तेजी से चमकने लगा है। जल्दी ही इसे यूनेस्को की सूची में शामिल भी किया जा रहा है। ओरछा का राजा राम मंदिर, महल, किले प्राचीन पेंटिंग और घना जंगल पर्यटकों को ही नहीं बल्कि मुंबई के फिल्मकारों को भी लुभाने लगा है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म लुकाछिपी-3 की शूटिंग भी ओरछा में हुई। पहले भी कुछ फिल्में यहां शूट हो चुकी है।
राजा राम मंदिर के बाद ओरछा का सबसे बड़ा आकर्षण सात मंजिला महल है। यहां ज्यादा टूरिस्ट आते हैं। यह महल दोस्ती की मिसाल माना जाता है। यहां के राजा बीर सिंह बुंदेला अकबर के बेटे सलीम के मित्र थे। बीर सिंह ने अपनी दोस्ती को यादगार बनाने के लिए आलीशान महल बनवाया। इसकी वास्तुकला भी इंडो इस्लामिक शैली की है।
इस महल को बनवाने के लिए वीर सिंह को 22 साल लगे। जब सलीम राजा बने और उन्हें जहांगीर की उपाधि मिली तो बीर सिंह ने उन्हें ओरछा आमंत्रित किया था। उन्होंने अपने महल का नाम जहांगीर के नाम पर रखा। जहांगीर 22 साल में तैयार हुए इस महल में सिर्फ एक रात रुके। इसके बाद 200 से अधिक कमरों के इस महल का उपयोग गेस्ट हाउस की तरह होता रहा। आजकल यहां पर प्री वेडिंग शूट भी काफी होने लगे हैं।