दक्षिण अफ्रीकी देश बोत्सवाना से मध्य प्रदेश के जबलपुर पहुंचने के बाद लापता हुई महिला को तलाश लिया गया है। वह बोत्सवाना में सेना में कैप्टन के रूप पदस्थ है और जबलपुर स्थित भारतीय सेना के कॉलेज ऑफ मटेरियल मैनेजमेंट में ट्रेनिंग के लिए आई है। महिला कैप्टन का सैंपल लेकर टेस्टिंग के लिए भेज दिया गया है।
कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन ने दक्षिण अफ्रीका समेत विश्व के कई देशों में दहशत फैला दी है। ऐसे में बोत्सवाना से एक महिला के जबलपुर आगमन की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग व जिला प्रशासन की टीम उसे तलाशने में जुटी हुई थी। 18 नवंबर को वह एयर इंडिया की फ्लाइट से दिल्ली से जबलपुर आई थी। इसके बाद से महिला के संबंध में जिला प्रशासन व स्वास्थ विभाग जानकारी एकत्र करने में लगा हुआ था। वह बोत्सवाना की सेना में कैप्टन के रूप में पदस्थ है।
10 दिन से आइसोलेट थी, लग चुके हैं वैक्सीन
बोत्सवाना की कैप्टन बीते 10 दिनों से आइसोलेशन में थी। इसके बाद ही सीएमएम में ट्रेनिंग के लिए क्लास में शामिल हुई थी। महिला कैप्टन का वैक्सीनेशन हो चुका है। मेडिकल चेक-अप में वह पूरी तरह स्वस्थ पाई गई है। महिला में महामारी के कोई लक्षण नहीं पाए गए हैं। कैप्टन का नाम ओ एल खुलो है। बतौर सावधानी उसका सैंपल लेकर कोरोना की जांच के लिए भेजा गया है।
जबलपुर के मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी डॉ. रत्नेश कुरारिया के अनुसार बोत्सवाना दूतावास से कैप्टन के बारे में जानकारी मिली। उनका आरटी-पीसीआर टेस्ट कराया गया है। कैप्टन खुलो ने जबलपुर आने के बाद कोरोना के सभी प्रोटोकॉल का पालन किया। दिल्ली में भी उसने आरटी-पीसीआर टेस्ट करवाया था।