मध्यप्रदेश जनसंवाद रैली को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। वर्चुअल रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 1947 के बाद कांग्रेस सरकार ने जो आर्थिक नीतियां अपनाई थीं, उसके आधार पर देश की प्रगति नहीं हो सकी। कांग्रेस की विचारधारा पूरी तरह से विफल हो गई और आज समाजवादी और साम्यवादी भी कहीं दिखते नहीं हैं।
उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए कहा 'आज पूरा विश्व कोरोना संकट से जूझ रहा है, हम भी इस संकट का सामना कर रहे हैं। इस संकट में निराशा, हताशा और डर से काम नहीं होगा। आत्मविश्वास और सकारात्मकता के साथ कोरोना के खिलाफ हमको लड़ाई जीतनी है।'
गडकरी ने कहा कि राम मंदिर निर्माण के लिए हमने संघर्ष किया, लेकिन पहले की सरकारों में इस मामले में कुछ नहीं हुआ। हमारी सरकार आने के बाद सुप्रीम कोर्ट में राम जन्मभूमि के पक्ष में निर्णय हुआ। आज मुझे बताते हुए खुशी हो रही है कि राम मंदिर के निर्माण का कार्य शुरु हुआ है। पांच साल में हमने जो श्रेष्ठ भारत की कल्पना की थी, उस आधार पर हमने योजना बनाई। भविष्य की योजना हमने तैयार करके उस पर अमल करके दिखाया।
आत्मनिर्भर भारत का निर्माण हमको करना है तो ये आत्मनिर्भर भारत कैसा होगा, भारत का इंफ्रास्ट्रक्चर, पोर्ट, रेलवे, जलमार्ग, हैंडलूम, हमारे गांव, किसान, ट्रांसपोर्ट कैसे होंगे, एक-एक चीज की योजना हमने तैयार की। राष्ट्रवाद हमारी आस्था नहीं बल्कि ये हमारा जीवन है। 'हम दिन चार रहें ना रहें , तेरा वैभव अमर रहे मां' यह हमारा संस्कार है।