भोपाल में ममता को शर्मशार कर देने वाला मामला सामने आया है। एक घंटे पहले जन्म बच्चे को कचरे में फेंकने का मामला सामने आया है। घटना भोपाल के शाहपुरा इलाके के लक्ष्मण नगर की है। सोमवार की सुबह करीब 5 बजे कोई नवजात को कचरे में फेंक गया। बच्चे को चींटियां काट रही थीं। दर्द से बच्चा रोने लगा जिसकी आवाज सुनकर आसपास के कुछ लोग दौड़े और बच्चे को उठाया।
वहां मौजूद लोगों ने जिगित्जा हेल्थ केयर के कॉल सेंटर पर फोन किया गया। जिसके बाद एमपी नगर लोकेशन की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। कुछ लोगों ने डायल-100 को भी फोन कर दिया। सूचना मिलने पर एंबुलेंस और डायल-100 की टीमें वहां पहुंच गईं। 108 के ईएमटी जितेंद्र भदौरिया ने मौके पर पहुंचकर नवजात को उठाया और नाल को काटा। शरीर में लगे खून को साफ किया गया।
जितेंद्र ने बताया कि जेपी अस्पताल ले जाते समय नवजात की सांस उखड़ने लगीं। तत्काल उसको ऑक्सीजन मास्क लगा दिया गया। नवजात चूंकि बहुत देर तक कचरे के ढेर में पड़ा था, इसके कारण उसे संक्रमण हो गया है जो उसके फेफड़ों तक पहुंच जाने से सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। ऑक्सीजन मास्क की मदद से तत्काल उसे जेपी पहुंचाया गया। फिलहाल एसएनसीयू में उसका इलाज चल रहा है।
शाहपुरा पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ पैदाइश छुपाने की धारा के साथ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बच्चे को फेंकने वाली महिला की पहचान के लिए आसपास के अस्पतालों में उस दौरान बच्चे को जन्म देने वाली महिलाओं की जानकारी जुटाई जा रही है। राजधानी से सटे इलाकों से भी संपर्क किया जा रहा है।