मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले में नक्सलियों ने पुलिस मुखबिरी के शक में 42 वर्षीय एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना रूपझर थाना क्षेत्र के बम्हनी गांव में मंगलवार और बुधवार के बीच रात को हुई।
बालाघाट जिले के पुलिस अधीक्षक अभिषेक तिवारी ने बुधवार को बताया कि मंगलवार-बुधवार की रात को अज्ञात बंदूकधारी नक्सलियों ने भागचंद एडमे को उसके बम्हनी गांव स्थित घर से उठाया और गांव से बाहर लाकर उसकी कनपटी में गोली मारकर हत्या कर दी।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि नक्सली मौके पर एक हस्तलिखित पर्चा भी छोड़ गए हैं, जिसमें लिखा है कि 'पुलिस मुखबिरी में मौत की सजा दी जाती है।' इस पर्चे में इन नक्सलियों ने अपने संगठन का नाम भाकपा (माओवादी), टाडा मलाजखंड एरिया कमेटी लिखा है।
हालांकि, पुलिस अधीक्षक तिवारी ने भागचंद एडमे के पुलिस का मुखबिर होने की बात का खंडन किया है। अभिषेक तिवारी ने बताया कि पुलिस भागचंद एडमे की हत्या के आरोपी टाडा दलम के नक्सलियों की तलाश कर रही है, उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।