नरसिंहपुर जिले के स्टेशनगंज थाना क्षेत्र में फिल्मी अंदाज़ में मिर्ची पाउडर डालकर लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1.20 लाख रुपये कीमत का सोने का मंगलसूत्र और वारदात में प्रयुक्त करीब 80 हजार रुपये कीमत की टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक ग्राम करहैया खेड़ा निवासी राजेश मेहरा शुक्रवार रात अपनी पत्नी के साथ ग्राम खमरिया में रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने जा रहे थे। रात लगभग 9:30 बजे जैसे ही वे खमरिया के स्वागत द्वार के पास पहुंचे, पीछे से आए मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उन्हें ओवरटेक कर रास्ता रोक लिया। बाइक के पीछे बैठे आरोपी ने अचानक दंपती की आंखों में मिर्ची पाउडर फेंक दिया। तेज जलन और घबराहट के बीच आरोपियों ने महिला के गले से सोने का मंगलसूत्र झपट लिया और अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा संदिग्धों की पहचान के लिए स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास से अभिषेक सिंह लोधी को गिरफ्तार किया। सख्ती से पूछताछ में उसने अपने साथी यशवंत पटेल का नाम बताया, जो गोटेगांव में छिपा हुआ था। पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पढ़ें: बच्चा चोरी की अफवाह में फंसे साधु, पुलिस ने भीड़ से बचाकर निकाला सुरक्षित; खूब हुआ हंगामा
ये हैं आरोपी
यशवंत पटेल (निवासी पिपरिया, थाना गोटेगांव)
अभिषेक सिंह लोधी (निवासी सूरवारी, थाना ठेमी)
इन धाराओं में मामला दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 309(4) और 3/5 के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में निरीक्षक सौरभ पटैल, उपनिरीक्षक राहुल सोनकर, उपनिरीक्षक मुकेश बिसेन, उपनिरीक्षक दिलीप सिंह, प्रधान आरक्षक बुधराम, आरक्षक लक्ष्मी नागपुर, दिलीप सिंह, नंदकिशोर, जितेंद्र राणा और संतोष शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।