नरसिंहपुर जिले में सात साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने छानबीन के बाद घर के नौकर को ही गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी में बच्ची को ले जाते दिख रहा है। पुलिस ने उसके बताए स्थान से शव बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार ये घिनौनी घटना नरसिंहपुर जिले के स्टेशनगंज थाना क्षेत्र में हुई। पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव ने बताया कि बच्ची की उम्र तकरीबन सात साल है। बच्ची मंगलवार रात अपने स्वजनों के साथ किसी रिश्तेदार की शादी में आई थी। बच्ची के परिवार के साथ उनके घर करीब दो सालों से कार्य करने वाला नौकर बद्दू ठाकुर भी आया था। रात को सभी लोग शादी के कार्यक्रमों में व्यस्त थे, तभी नौकर बद्दू बच्ची और उसके छोटे भाई को साथ लेकर लॉन के गेट तरफ आया और भाई को थोड़ी देर बाद अंदर ले गया और बालिका को लेकर थोड़ी दूर स्थित एक खेत में ले गया, जहां घटना को अंजाम दिया। उसके बाद लौटकर लॉन में आ गया और मृतका के स्वजनों को बताया कि बालिका नहीं मिल रही है। उसने थोड़ी देर स्वजनों के साथ तलाश भी कराया और इसी दौरान वह गायब हो गया। पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने रात को ही टीम बनाकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने लॉन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तो बच्ची को ले जाने वाले का पता चल गया। नौकर बालिका को ले जाते दिख रहा था। पुलिस ने नौकर बद्दू ठाकुर निवासी महाराजपुर थाना जिला सागर को तलाश कर हिरासत में ले लिया। सख्ती से पूछताछ में उसने चौंकाने वाला खुलासा किया। पूछताछ में उसने शव को नजदीक ही एक खेत में गन्ने की छोती के ढेर में दबाकर रखना बताया। मामले में शव परीक्षण और आगे जांच की कार्रवाई चल रही है। घटना में सामने आया है कि आरोपित ने बालिका के साथ दुष्कर्म करने के बाद गला दबाकर हत्या की थी।