मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर में 2019 में हुए चर्चित पुलिस एनकाउंटर की जांच अब सीबीआई करेगी। राज्य सरकार ने 4 नवंबर को राजपत्र अधिसूचना जारी कर जांच की सहमति दी है। मुठभेड़ में विजय यादव और समीर खान मारे गए थे। उनके परिजनों ने इसे फर्जी एनकाउंटर बताते हुए शिकायत की थी।
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) अब नरसिंहपुर जिले के सुआतला थाना क्षेत्र में वर्ष 2019 में हुए चर्चित पुलिस एनकाउंटर की जांच करेगी। गृह विभाग ने 4 नवंबर को राजपत्र में अधिसूचना जारी करके सीबीआई जांच के लिए सहमति दे दी है। इस मुठभेड़ में जबलपुर निवासी विजय यादव और समीर खान मारे गए थे। दोनों वर्ष 2017 में जबलपुर में हुई कांग्रेस नेता राजू मिश्रा और कक्कू पंजाबी की हत्या के मामले में वांछित थे।
विज्ञापन
राज्य सरकार ने वर्ष 2021 में ही इस मामले की सीबीआई जांच कराने की अनुशंसा की थी।
परिजनों ने लगाए थे फर्जी एनकाउंटर के आरोप
मुठभेड़ के बाद मृतकों के स्वजन ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए इसे फर्जी एनकाउंटर बताया था। स्वजन ने तत्कालीन पुलिस अधिकारियों पर साजिश रचने का आरोप लगाया था। इस संबंध में स्वजन ने राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और सीबीआई से लिखित शिकायत भी की थी।
इससे पूर्व मामले की मजिस्ट्रियल जांच भी कराई गई थी, जिसमें पुलिस द्वारा दी गई कहानी को सही ठहराया गया था। अब 4 नवंबर को राजपत्र में अधिसूचना जारी होने के बाद सीबीआई इस मामले की जांच आगे बढ़ाएगी।