नर्मदापुरम में दोहरे हत्याकांड का खुलासा पुलिस ने 12 घंटे में कर दिया।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के सोहागपुर से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। जिस बेटे को बुजुर्ग माता-पिता का बुढ़ापे का सहारा बनना था, वही उनकी मौत का कारण बन गया। ग्राम रैनी पानी में बुजुर्ग दंपति की घर के अंदर खून से लथपथ लाश मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। शुरुआत में यह मामला किसी बड़ी साजिश जैसा नजर आ रहा था, लेकिन पुलिस की जांच में जो सच सामने आया, उसने हर किसी को हैरान कर दिया। बुजुर्ग दंपत्ति का हत्यारा कोई बाहरी व्यक्ति नहीं, बल्कि उनका अपना बेटा कमलेश उईके निकला।
घर के अंदर मिला बुजुर्ग दंपति का शव
जानकारी के मुताबिक, 5 नवंबर की रात करीब 11 बजे ग्राम रैनी पानी में राधे उईके और उनकी पत्नी तितो बाई उर्फ कृष्णा उईके के शव उनके घर के भीतर मिले। दोनों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान थे और घर का नजारा बेहद भयावह था। घटना की सूचना मिलते ही सोहागपुर पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम, डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट विशेषज्ञों को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी।
पत्नी की डिलीवरी को लेकर घर में चल रहा था विवाद
पुलिस की जांच में परिवार के भीतर चल रहे विवाद की बात सामने आई। पूछताछ में पता चला कि आरोपी कमलेश उईके और उसके माता-पिता के बीच पत्नी की डिलीवरी को लेकर कई दिनों से तनाव था। विवाद इस बात पर था कि उसकी पत्नी की डिलीवरी मायके में कराई जाए या ससुराल में मां के घर। इसी बात को लेकर पिता और बेटे के बीच कहा-सुनी होती रहती थी। पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात कमलेश शराब के नशे में था और इसी विवाद ने अचानक उग्र रूप ले लिया।
ये भी पढ़ें-
राकेश अग्रवाल हत्याकांड: अस्पताल से सीधे आरोपी को बंगले पर ले गई एसआईटी, हत्या में इस्तेमाल ब्लेड जब्त
चूल्हे की जलती लकड़ी बनी हत्या का हथियार
आरोप है कि गुस्से में अपना आपा खो चुके कमलेश ने घर के चूल्हे में जल रही मोटी लकड़ी से अपने माता-पिता पर सिर और शरीर पर कई वार कर दिए। हमले में दोनों की मौत हो गई। एक ही घर में बेटे के हाथों माता-पिता की हत्या की इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।
छह घंटे की तलाश के बाद कच्चे नाले से गिरफ्तारी
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया। करीब छह घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने कमलेश को कच्चे नाले के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक दीपक शुक्ला के निर्देशन में सोहागपुर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे के भीतर दोहरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया।
पारिवारिक विवाद का खौफनाक अंजाम
एक मामूली पारिवारिक विवाद ने ऐसा भयावह रूप लिया कि एक ही परिवार के दो बुजुर्गों की जिंदगी खत्म हो गई। जिस घर में परिवार के भविष्य और खुशियों की बातें होनी चाहिए थीं, वहां खून से सनी वारदात ने सबको सन्न कर दिया। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।