भोपाल में मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों ने एक मुस्लिम परिवार के घर में घुसकर मारपीट की है। पीड़ित मुनव्वर अंसारी का कहना है कि सोशल मीडिया पर जय श्री राम लिखने के कारण उसे और उसके परिवार को पीटा गया है। घटना के बाद मुनव्वर ने कहा कि वे 1 हजार बार जय श्री राम लिखेंगे। जैसे मैं अल्ला का नाम लेता हूं। वैसे ही जय श्री राम लिखता रहूंगा। इसमें गलत क्या है?
गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के आनंदपुरा कोकता बस्ती में रहने वाले मुनव्वर कारपेंटर का काम करता है। मुनव्वर का कहना है कि वे विधायक रामेश्वर शर्मा को सोशल मीडिया पर फॉलो करते है। सोशल मीडिया पर वे जय श्री राम और गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने की बात करते हैं। इस बात से उससे इलाके के मुस्लिम समुदाय के लोग नाराज हैं। मुनव्वर ने बताया कि मंगलवार को वॉट्सएप पर बनाए अकाउंट पर मुझे सबक सिखाने को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद शाम को शारिक अहमद, सोहेल अहमद समेत 16 से 17 लोग घर में घुस गए। मुन्नवर का कहना है कि उसे, उसकी पत्नी मोबिना अंसारी और चार साल की लड़की तक को मारा। जब वह बेहोश हो गया तब भीड़ उसके घर से गई। आरोपियों ने उसके परिवार को घर छोड़ने की धमकी दी है।
मुनव्वर ने कहा कि मैंने कभी किसी को नहीं मारा। मेरा किसी से कोई विवाद नहीं है। मैं राम का नाम लेता हूं तो शारिक अहमद, सोहेल अहमद को परेशानी होती है। वे कहते है कि मैं कौम के साथ गद्दारी कर रहा हूं। इस वजह से मुझे सबक सिखाने की योजना बना कर मेरे घर पर हमला किया गया। मुनव्वर ने यह भी आरोप लगाया कि उनकी तरफ से 100 नंबर पर कॉल किया गया तो पुलिस उनके घर नहीं आई। वहीं इस मामले में पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है।
इस मामले में विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि श्री राम का जय-जयकार रोके नहीं रुकने वाला है। राम का नाम लेने पर मारपीट करने पर किसी को बख्शा नहीं जाएगा। जय श्री राम बोलने वाले को डांटने पर भी कार्रवाई होगी।