कांग्रेस नेता मृतक के परिवारों से मुलाकात करते हुए
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के सिवनी में मॉब लिंचिंग में 2 आदिवासियों की मौत पर सियासत गरमा गई है। गुरुवार को कांग्रेस नेताओं ने मृतकों के परिवार से मुलाकात की। वहीं, गृहमंत्री ने घटना को लेकर बताया कि 13 लोग गिरफ्तार हो चुके है।
सिवनी मॉब लिचिंग के मृतक आदिवासियों के परिवारों से नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह, छिंदवाड़ा सांसद नकुल नाथ, पूर्व मंत्री तरुण भनोत, विधायक विनय सक्सेना और हिना कांवरे ने मुलाकात की। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने आदिवासियों के दमन और उत्पीड़न की घटना की गंभीरता को देखते हुए कमलनाथ ने तीन वरिष्ठ नेताओं की एक कमेटी गठित की, जो घटनास्थल पर जाकर पीड़ित परिवारों से मिलेगी। घटना की संपूर्ण जानकारी लेकर अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को प्रस्तुत करेंगी।
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि प्रारंभिक जांच रिपोर्ट में सामने आया है कि गौ मांस से जुड़ा विषय था। 13 लोग तत्कालीक रूप से गिरफ्तार हुए है। 8 लाख 25 हजार रुपए की सहायता राशि मृतकों के परिवार को दी है। घायल को भी 75 हजार रुपए दिए है। दोनों परिवार में एक बेटा और बेटी को अनुकंपा नियुक्ति दी जा चुकी है। जहां तक नकुल नाथ जी का सवाल है चूंकि नेता प्रतिपक्ष का पद गया है और अध्यक्षीय पर संकट के बादल है। कमलनाथ बेटे को प्रोजेक्ट कर रहे है तो इसमें क्या गलत बात है। कांग्रेस की संस्कृति ऐसी है। कांग्रेस में परंपरा परिवार वाद की है। इसलिए वह परिवार को आगे बढ़ा रहे है।