'एमपी में बनेगी कांग्रेस सरकार'
- फोटो : अमर उजाला
अल्प प्रवास पर सतना पहुंचे प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव ने मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने का दावा किया है। उन्होंने कहा, प्रदेश की बीजेपी सरकार अपनी अंतिम सांसें गिन रही है।
सर्किट हाउस में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात के दौरान अरुण यादव ने कहा, इस साल के अंत में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए सब लोग एकजुट होकर प्रदेश की गैर जिम्मेदार और नाकारा सरकार से आम जनता को मुक्ति दिलाएं। अगर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनी तो किसानों का कर्जा माफ किया जाएगा। उन्होंने कहा, बीजेपी सरकार में कर्मचारियों की पेंशन बंद हो गई है, कांग्रेस सरकार बनेगी तो हम साल 2004 के पूर्व की पेंशन कर्मचारियों को बहाल करेंगे।
सड़क पर उतरें नौजवान...
यादव ने महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में नौजवानों को सड़कों पर उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, आज महंगाई चरम पर है। बेरोजगारों को कोई नौकरी नहीं मिल रही है और सरकार सम्मेलन करने में जुटी है। आम जनता की तरफ सरकार का कोई ध्यान नहीं है।
इस दौरान जिलाध्यक्ष दिलीप मिश्रा, शहर अध्यक्ष मकसूद अहमद, विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा, राम लखन पटेल, रविंद्र सिंह सेठी, रामशंकर पयासी, मनीष तिवारी, अजीत सिंह, अतुल सिंह परिहार, महसूद अहमद शेरू, अमित अवस्थी, केके तिवारी और मिथिलेश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।