मध्यप्रदेश के उज्जैन में पुलिस की अमानवीयता का एक मामला सामने आया है। पुलिस पर हमला करने के एक आरोपी को पुलिसवालों ने मारपीट कर अधमरा कर दिया, इसके बाद उसे जीप के बोनट पर बांधकर पूरे शहर में घुमाया। मामले में एक सब इंस्पेक्टर सहित दो पुलिसवालों को सस्पेंड कर दिया गया है।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के अनुसार दो दिन पहले उज्जैन जिले के महीदपुर कस्बे में कुछ लोगों की भीड़ ने एक पुलिस इंस्पेक्टर पर हमला कर दिया था। इंस्पेक्टर पर हमले से बौखलाई पुलिस बुधवार को प्रतिशोध लेने पर उतारू हो गई।
पुलिस के अनुसार बाइक रेसिंग के बाद हुए झगड़े में बीच बचाव करने गए इंस्पेक्टर पर जमालपुर तोड़ी निवासी कादिर के नेतृत्व में हमला किया गया था। हमले में इंस्पेक्टर की कॉलर बोन में फ्रैक्चर हो गया था। इसके अलावा एक कांस्टेबल की टांग में भी काफी चोट आई थी।