जैत में सर्वसम्मति से चुना जाएगा सरपंच
- फोटो : सोशल मीडिया
सीहोर जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में पंच से लेकर सरपंच पद के लिए कई ग्राम पंचायतों में आधा दर्जन से भी ज्यादा प्रत्याशी मैदान में हैं। सोमवार को नाम निर्देशन जमा करने की अंतिम तारीख थी, सभी विकासखंडों में नामांकन फार्म जमा करने वालों का जमावड़ा देर रात तक लगा रहा। वहीं, दूसरी तरफ ग्राम पंचायतें ऐसी भी हैं जहां अब मतदान नहीं होगा, क्योंकि यहां सर्वसम्मति से ग्रामीणों ने अपना सरपंच चुन लिया है। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का गृहग्राम जैत भी शामिल है।
जानकारी के अनुसार बुधनी नसरूल्लागंज विकासखंड के तहत नौ ग्राम पंचायतें ऐसी हैं, जहां सर्वसम्मति से सरपंच चुन लिये गए हैं। जहां मतदान और चुनावी शोरगुल सुनाई नहीं देगा। इनमें बुधनी से ग्राम पंचायत मडावन, चीकली, और सीएम शिवराज सिंह चौहान की गृहग्राम पंचायत जैत शामिल है। नसरूल्लागंज विकास खंड में ससली, बड़नगर, आंबाजदीद, मोगराखेड़ा, कोसमी, लावा पानी शामिल है। नसरूल्लागंज ब्लॉक की सभी छह ग्राम पंचायतों में निर्विरोध महिला सरपंच चुनी गई हैं।