छिंदवाड़ा जिले में तेज रफ्तार और लापरवाही की वजह से सडक़ हादसे हो रहे हैं। इस बीच दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। महिला को कार ने कुचल दिया। वहीं, एक बाइक खड़े ट्रेक्टर में घुस गई। इससे उसके चालक युवक की मौत हो गई।
घोघरी कुंडीपुरा निवासी 36 वर्षीय ममता पति अभिलक्ष्मण बंदेवार नागपुर में रह रही थी। नवरात्र की वजह से पूजन में शामिल होने गृहग्राम घोघरा आई थी। शनिवार को ममता अपने पति के साथ वापस लौट रही थी। तब अतरवाड़ा बायपास के समीप एक कार ने उन्हें रौंद दिया। हादसे में घायल ममता और उनके पति अभिलक्ष्मण को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। ममता की हालत नाजुक थी। उसे नागपुर रैफर किया गया। स्थिति गंभीर होने की वजह से डॉक्टरों ने उन्हें लौटा दिया। रास्ते में ही ममता की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
खड़े ट्रेक्टर में घुसे बाइकर्स
सोमवार देर शाम जामुनझिरी में कचरा घर के पास भीषण हादसा हो गया। मां को लेकर जा रहा युवक बाइक सहित ट्रेक्टर में जा घुसा। बिना संकेतक बीच सडक़ पर खड़े ट्रेक्टर में टकराने की वजह हादसा होने की बात सामने आई है। देहात टीआई जीएस उईके ने बताया कि रोहना कुदवारी निवासी 30 वर्षीय अजय पिता हरीशचंद्र धुर्वे अपनी मां सकलाबाई धुर्वे के साथ जा रहा था। जामुनझिरी कचरा घर के समीप खड़े ट्रेक्टर से जा टकराए। अस्पताल ले जाते वक्त अजय ने दम तोड़ दिया। मां सकलाबाई का उपचार जारी है।