कटनी की प्रतिष्ठित इलेक्ट्रॉनिक्स शॉप में स्टेट जीएसटी की टीम ने दबिश देते हुए आय-व्यय से जुड़े कागजातों की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि पूरी कार्रवाई खिरहनी फाटक के पास स्थित आशीर्वाद इलेक्ट्रॉनिक्स का है, जहां कटनी-जबलपुर की 10 सदस्यीय टीम एक साथ दबिश देते हुए दुकान में रखे बिलों की जांच में जुटी है।
सूत्रों की माने तो जांच करने पहुंची टीम के कुछ सदस्य संचालक अनिल टहलरामानी के निजी निवास पर पहुंचकर दुकान से जुड़े दस्तावेजों की जब्ती बनाते हुए वापस आशीर्वाद इलेक्ट्रॉनिक्स की शॉप में पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पूरी कार्रवाई राज्य कर अधिकारी डॉक्टर आलोक मिश्रा के नेतृत्व में की जा रही है, जिसमें कटनी जिले के चार तो जबलपुर से छह सदस्यीय टीम मिलाकर 10 लोग शामिल हैं।
टीम मंगलवार दोपहर दो बजे से दबिश देते हुए लेन-देन से जुड़े तमाम कागजातों को खंगाल कर उनकी जांच में जुटी है। अधिकारियों की माने तो शुरुआती तौर पर अभी किसी प्रकार की कोई टैक्स चोरी की बात सामने नहीं आई है। हालांकि, कार्रवाई पूरी होते ही बड़ा खुलासा होने की उम्मीद है। फिलहाल, ये कार्रवाई दो दिन जारी रहेगी।