आधार कार्ड में छेड़छाड़ करने वाले की दुकान सील
- फोटो : अमर उजाला
राजगढ़ के सारंगपुर डिवीजन और पचोर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले पाडलिया अंजाना गांव में विगत दिनों महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने एक नाबालिग लड़की के विवाह को रुकवाकर मामला जांच में लिया था, जिसमें आधार कार्ड में नाबालिग लड़की को बालिग बताया गया था और उसके स्कूल के दस्तावेजों में वह नाबालिग पाई गई।
बता दें कि मामले के सामने आने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा लड़की के पिता से पूछताछ की गई तो पता चला कि संबंधित नाबालिग लड़की का फर्जी आधार कार्ड लड़के के पिता के द्वारा सारंगपुर नगर में स्थित एक फोटो स्टूडियो से बनवाया गया था, जिसके पश्चात सोमवार को तहसीलदार प्रियंक श्रीवास्तव अमले के साथ दुकान पर पहुंचे और संबंधित व्यक्ति की दुकान सील करने की कार्रवाई की गई। इसके आतिरिक्त महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा दुकान संचालक के खिलाफ मामला दर्ज करने को लेकर सारंगपुर थाने में आवेदन भी दिया गया।
वहीं, मंगलवार को मामले में संबंधित दुकान संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के संबंध में सारंगपुर थाना प्रभारी आशुतोष उपाध्याय से बात की गई तो उन्होंने बताया कि महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा आवेदन तो दिया गया है। लेकिन हमने उनसे जांच से संबंधित समस्त दस्तावेज की मांग की है, जो कि अभी उन्होंने उपलब्ध नहीं करवाए हैं। जैसे ही उनके द्वारा दस्तावेज उपलब्ध करवा दिए जाएंगे, जिसके पश्चात संबंधित के खिलाफ आगामी कार्रवाई की जाएगी।