MP News: शिवराज ने सिंधिया समर्थकों को तवज्जो दी। (फाइल फोटो)
- फोटो : PTI
मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार ने निगम-मंडलों में बहुप्रतीक्षित नियुक्तियों की घोषणा कर दी है। ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए नेताओं को महत्व दिया गया है। इनमें इमरती देवी, रघुराज कंसाना, गिर्राज दंडोतिया और एंदल सिंह कंसाना के नाम प्रमुख हैं। पिछले साल राज्यसभा चुनावों में हार का सामने करने वाले विनोद गोटिया का भी इन राजनीतिक नियुक्तियों में ध्यान रखा गया है। जयपाल चावड़ा को इंदौर विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष बनाया गया है।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्विटर पर नई नियुक्तियों की घोषणा की। साथ ही प्रत्येक को शुभकामनाएं भी दी। पूर्व मंत्री और सिंधिया समर्थक इमरती देवी को मध्य प्रदेश लघु उद्योग निगम का अध्यक्ष, एंदल सिंह कंसाना को मध्यप्रदेश स्टेट एग्रो इंडस्ट्रीज डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड का अध्यक्ष बनाया गया है। रघुराज कंसाना को मध्यप्रदेश पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम का अध्यक्ष और अजय यादव को उपाध्यक्ष बनाया गया है। विनोद गोटिया को पर्यटन विकास निगम का अध्यक्ष और नरेंद्र सिंह तोमर को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पूर्व मंत्री गिर्राज दंडोतिया को मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम का अध्यक्ष बनाया गया है। जसवंत जाटव को राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम का अध्यक्ष, रणवीर जाटव को संत रविदास मध्यप्रदेश हस्तशिल्प एवं हथकरघा विकास निगम का अध्यक्ष, शैलेंद्र बरुआ को मध्यप्रदेश पाठ्य पुस्तक निगम का अध्यक्ष और प्रहलाद भारती को उपाध्यक्ष बनाया गया है। मुन्नालाल गोयल को मध्यप्रदेश राज्य बीज एवं फार्म विकास निगम का अध्यक्ष और राजकुमार कुशवाहा को उपाध्यक्ष बनाया गया है।
पिछले साल से हो रहा था इंतजार
पिछले साल मार्च में सत्ता परिवर्तन हुआ था। उसके बाद से ही कोरोना काल चल रहा था। इस बीच, कांग्रेस छोड़कर भाजपा की सरकार बनाने में मदद करने वाले ऐसे नेताओं की फजीहत हो गई थी, जो उपचुनाव में सफल नहीं हो सके थे। इनके पुनर्वास को लेकर सुगबुगाहट काफी दिन से चल रही थी। अब जाकर शिवराज सिंह चौहान सरकार ने इन नेताओं पर ध्यान दिया है।